उत्तर पूर्वी दिल्ली के जाफराबाद में हुए उपद्रव के दौरान पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी करने व पुलिसकर्मी पर पिस्टल तानने वाले शाहरुख का अभी तक कोई सुराग नहीं मिला है।
पुलिससूत्रों की माने तो आरोपी परिवार समेत फरार हो गया और अंतिम बार उसकी लोकेशन पश्चिम उत्तर प्रदेश में आई है। स्थानीय पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच और स्पेशल सेल की टीम उसकी तलाश में जुटी है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शाहरुख परिवार के साथ न्यू उस्मानपुर इलाके के अरविंद नगर में रहता है। परिवार में माता-पिता और एक भाई है। पिता पर नशीला पदार्थ तस्करी करने का मामला चल रहा है।
फिलहाल वह पेरोल पर जेल से बाहर है। जांच में यह बात भी सामने आई है कि शाहरुख उत्तर पूर्वी जिला के एक नामी गैंगस्टर का रिश्तेदार है। गैंगस्टर अभी जेल में बंद है। शाहरुख कोई काम नहीं करता है।
पुलिस ने घटना के बाद शाहरुख के घर पर दबिश दी लेकिन घर बंद था। आस पास के लोगों ने बताया कि घटना के अगले दिन सुबह वह स्कारपियो में सवार होकर परिवार के साथ कहीं चला गया।