हिंसक भीड़ ने जलाया बीएसएफ जवान मोहम्मद अनीस का घर
- फोटो : ANI
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान मोहम्मद अनीस का मकान भी दिल्ली हिंसा की भेंट चढ़ गया था। हिंसक भीड़ ने खजूरी खास इलाके में बीएसएफ कांस्टेबल के घर को भी आग लगा दी थी। लेकिन जवान ने अपने वरिष्ठों को इसकी जानकारी नहीं दी। जब समाचारों के जरिए वरिष्ठों को यह बात पता चली तो वो अपने जवान की मदद के लिए शनिवार दिन में उसके घर पहुंचे।
सीमा सुरक्षा बल की एक टीम ने शनिवार को कांस्टेबल मोहम्मद अनीस के घर का दौरा किया। डीआईजी (मुख्यालय) पुष्पेंद्र राठौर ने कहा कि वह वर्तमान में ओडिशा में तैनात हैं और जल्द ही दिल्ली स्थानांतरित हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि बीएसएफ इंजीनियर हमारे साथ आए हैं। वे कांस्टेबल मोहम्मद अनीस के घर की मरम्मत करेंगे। बीएसएफ कल्याण कोष से परिवार को वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। बता दें कि तीन महीने बाद ही अनीस की शादी होने वाली है।