कांस्टेबल अंकित शर्मा (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली हिंसा के दौरान खुफिया विभाग के अधिकारी अंकित शर्मा की निर्मम हत्या के मामले में मंगलवार को अदालत ने आरोपी सलमान को 24 मार्च तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा है। पुलिस ने सलमान को गिरफ्तार कर शुक्रवार को कड़कड़डूमा कोर्ट मे पेश किया था। कोर्ट ने उसे चार दिन के रिमांड पर अपराध शाखा को सौंप दिया था।
पूछताछ में सलमान ने अंकित शर्मा की हत्या को लेकर चौंकाने वाले खुलासे किए थे। उसने बताया कि आईबी कर्मी अंकित शर्मा को मारने से पहले उनके सभी कपड़े उतारे गए थे। इसके बाद उन्हें चाकू से गोदा गया। आरोपी करीब आधे घंटे तक अंकित शर्मा को चाकू से गोदते रहे और लाठी-डंडों से वार करते रहे थे। बाद में उनके शव को नाले में फेंक दिया गया था।
स्पेशल सेल के एसीपी ललित मोहन नेगी व हृदय भूषण की टीम ने बृहस्पतिवार दोपहर को अंकित शर्मा की हत्या के आरोप में सलमान को पकड़ा है। सलमान ने पूछताछ में बताया कि कुछ लोग उसे मारते हुए ला रहे थे। उसने भी अंकित शर्मा के ऊपर चाकू से वार करना शुरू कर दिया था। उसने अंकित शर्मा के ऊपर चाकू से सात से आठ वार किए थे।
काफी लोग चाकू से अंकित शर्मा पर वार कर रहे थे। स्पेशल सेल के अधिकारियों के अनुसार सलमान ने बताया कि आरोपियों ने अंकित के पूरे कपड़े फाड़ दिए थे। सलमान ने चार से पांच आरोपियों के नामों का खुलासा किया है।
गौरतलब है कि पुलिस ने 26 फरवरी को चांद बाग इलाके के नाले से अंकित शर्मा का शव बरामद किया था। उनके पिता रविंद्र कुमार ने ताहिर हुसैन पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया था।