दिल्ली पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत 10 मामले दर्ज किए हैं, दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 के तहत 163 मामले और दक्षिण पूर्व जिले में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धारा 107/151 सीआरपीसी की धारा के तहत 3 मामले दर्ज किए हैं।
दिल्ली पुलिस ने पश्चिमी दिल्ली के निहाल विहार इलाके से साइबर क्राइम सेल ने दंगों की अफवाह फैलाने के आरोप में ने एक 24-वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अफवाह फैलाने के लिए वह सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहा था। उसका मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है और कथित सोशल मीडिया पोस्ट की पुष्टि उसकी प्रोफाइल से की गई है।
एसएन श्रीवास्तव, दिल्ली पुलिस आयुक्त ने जानकारी दी कि अब स्थिति शांतिपूर्ण है। हम दिल्ली के नागरिकों को बताना चाहते हैं कि जब भी उन्हें दंगों या किसी भी गड़बड़ी की कोई भी रिपोर्ट मिलती है, तो वह उस जानकारी को केंद्रीय पुलिस नियंत्रण कक्ष से सत्यापित करें। उन्होंने बताया कि कल अफवाह फैलाने के संबंध में 6 मामले दर्ज किए गए जबकि दिल्ली हिंसा में अबतक 300 मामले दर्ज किए गए हैं।
भाजपा विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात की और दिल्ली हिंसा को लेकर ज्ञापन सौंपा। विपक्ष के नेता आरएस बिधूड़ी ने कहा कि हमने मांग की है कि हिंसाग्रस्त क्षेत्रों में घरों की जांच कर हिंसा में इस्तेमाल अवैध हथियारों को बरामद किया जाए।
उन्होंने कहा कि हमने यह मांग भी की है कि सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को हिंसा में जो नुकसान हुआ है उसकी कीमत दंगो में शामिल लोगों से वसूली जाए।
दिल्ली विधानसभाओं की शांति और सौहार्द कमेटी की पहली बैठक की अध्यक्षता करने के बाद सौरभ भारद्वाज ने कहा कि हम जल्द ही एक फोन नंबर और एक ईमेल आईडी जारी करेंगे, जहां लोग अफवाह और नफरत फैलाने वाले संदेशों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर सकते हैं। हम ऐसी शिकायतों की जांच और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भेजेंगे।
उन्होंने बताया कि बैठक के दौरान, यह सुझाव दिया गया कि शिकायतकर्ताओं को 10,000 रुपये से पुरस्कृत किया जाना चाहिए। हालांकि, इनाम की राशि अभी तय नहीं की गई है।
उत्तर पूर्वी दिल्ली के शिव विहार इलाके में डीआरपी कॉन्वेंट स्कूल में मलबा हटाने और सफाई का काम चल रहा है। हिंसा के दौरान स्कूल में तोड़-फोड़ की गई थी और इसका एक हिस्सा जला भी दिया गया था।
दिल्ली सरकार ने एलान किया है कि वह आईबी कांस्टेबल अंकित शर्मा के परिवार को एक करोड़ की आर्थिक मदद देगी।
राम मनोहर लोहिया अस्पताल में मृतकों की संख्या 5 होने के चलते मरने वालों की कुल संख्या 47 हो गई है।
दिल्ली हिंसा को लेकर युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
रविवार शाम को दिल्ली के कुछ इलाकों में तनाव व दंगे होने की अफवाह फैलाने वाला एक शख्स रोहिणी से गिरफ्तार हुआ है।
दिल्ली के उप राज्यपाल अनिल बैजल ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। माना जा रहा है कि इस दौरान दोनों के बीच राष्ट्रीय राजधानी में पिछले दिनों भड़की हिंसा को लेकर चर्चा हुई।
दिल्ली विधानसभा ने नौ सदस्यों की एक कमेटी बनाई है, जिसकी अध्यक्षता आप विधायक सौरभ भारद्वाज करेंगे। इसका नाम नाम 'शांति और सौहार्द कमेटी' रखा गया है। इसमें आतिषी और राघव चड्ढा भी शामिल हैं। कमेटी की पहली बैठक आज दिल्ली सचिवालय में दोपहर तीन बजे होगी।
पुलिसवालों ने खजुरी खास इलाके में सीबीएसई एग्जाम सेंटर के बाहर बच्चों को फूल देकर 'ऑल द बेस्ट' कहा है। पुलिस ने ऐसा इसलिए किया ताकि बच्चे बिना किसी भय के आराम से परीक्षा दे सकें।
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल गृहमंत्री अमित शाह से मीटिंग के लिए संसद पहुंचे हैं। माना जा रहा है कि उपराज्यपाल गृहमंत्री को दिल्ली के हालातों के बारे में जानकारी देंगे और आगे की रणनीति तैयार करेंगे।
दिल्ली हाईकोर्ट में राहुल रॉय द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई शुरू हो गई है। इस याचिका में हिंसा में घायल लोगों को मेडिकल सहायता और उनके पुनर्स्थापन के लिए आग्रह किया गया है। याचिकाकर्ता ने जस्टिस मुरलीधर के ऑर्डर को अदालत में पढ़कर सुनाया और कहा कि राहत शिविरों में भारी खामियां हैं। इस पर जज ने कहा कि ऐसा ही एक मामला लंबित है, जिसकी अगली सुनवाई 19 मार्च को होनी है। इस पर सरकारी वकील राहुल मेहरा ने कहा कि यह पूरी तरह से अलग मामला है, इस मामले में हमें आदेश दिया जा सकता है कि उचित हुए कदम उठाए जाएं।
आम आदमी पार्टी के सांसद संसद के बाहर स्थित गांधी प्रतिमा के सामने तख्तियां लेकर दिल्ली हिंसा के लिए भाजपा को निशाने पर लेते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं।
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के स्कूलों में आज से दोबारा सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। छात्र परीक्षा केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सोमवार को आतंकी संगठन केसीपी के दो संदिग्ध सदस्य गिरफ्तार किए हैं।
दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री गोपाल राय आज दंगा प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और दोपहर 12.30 बजे ईदगाह, मुस्तफाबाद में मीडिया से बातचीत करेंगे।
दिल्ली हिंसा में मरने वालों की कुल संख्या 46 हो चुकी है। इसमें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में 38 लोग, लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल में तीन लोग और जग परवेश अस्पातल में एक और राममनोहर लोहिया अस्पातल में चार लोगों की मौत हुई है।
आप सांसद संजय सिंह राज्यसभा में नियम संख्या 267 के तहत सस्पेंशन ऑफ बिजनेस के तहत नोटिस दिया है, जिसमें वह दिल्ली हिंसा को लेकर चर्चा करेंगे।
शाहीन बाग में धारा 144 लागू है और यहां किसी अप्रिय घटना से निपटने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था है।
दिल्ली के हालात पूरी तरह सामान्य है। पुलिस का लोगों से अनुरोध है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें। आज दिल्ली के सभी मेट्रो स्टेशन खुले हुए हैं और सभी लाइनों पर सेवाएं सामान्य हैं।