गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के हालात की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में गृह सचिव अजय कुमार भल्ला, दिल्ली पुलिस कमिश्नर, विशेष पुलिस कमिश्नर भी मौजूद थे।
गृह मंत्रालय ने गुरुवार रात कहा कि पिछले 36 घंटे में उत्तर पूर्वी दिल्ली से कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई है। गृह मंत्रालय ने रात करीब 10 बजे यह बयान जारी किया। इससे पहले गृह मंत्री अमित शाह ने वरिष्ठ अधिकारियों और आला पुलिस अफसरों के साथ बैठक में राजधानी के हिंसा प्रभावित क्षेत्रों के हालात का जायजा लिया।
मंत्रालय ने कहा कि दिल्ली के उत्तर पूर्व जिले के किसी प्रभावित थाना क्षेत्र से पिछले 36 घंटे में कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई है, वहीं 514 संदिग्धों को या तो गिरफ्तार किया गया है या पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। गृह मंत्रालय ने कहा कि जांच के साथ-साथ और भी गिरफ्तारियां की जा सकती हैं। उसने कहा कि हालात में सुधार देखते हुए सीआरपीसी की धारा 144 के तहत लागू निषेधाज्ञा में शुक्रवार को कुल दस घंटे की ढील दी जाएगी।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि दंगे के दौरान पुलिसकर्मी पर पिस्टल तानने वाला शाहरुख अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। उसकी तलाश अब भी जारी है।
दिल्ली हिंसा में आप पार्षद ताहिर हुसैन के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। दयालपुर पुलिस थाने में केस दर्ज। ताहिर हुसैन की फैक्ट्री भी सील कर दी गई है। इसी के साथ ताहिर को आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी निलंबित कर दिया गया है।
दिल्ली हिंसा की जांच के लिए क्राइम ब्रांच की विशेष जांच समिति (एसआईटी) का गठन किया गया है। हिंसा मामले में दर्ज सभी एफआईआर की जिम्मेदारी भी एसआईटी को सौंप दी गई है।
दिल्ली हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 37 हो गई है वहीं 200 से ज्यादा लोग घायल हैं।
यतीम हो जाने पर 3 लाख के मुआवजे का एलान।
ई रिक्शा 50 हजार।
घर जला है तो 5 लाख मुआवजा, दुकान जली है तो 5 लाख।
किसी के कागज जले हैं तो स्पेशल कैम्प लवाएंगे।
ईडीएमसी को इलाके की सफाई का आदेश।
मोहल्ला लेवल पर पीस कमिटी बना रहे हैं।
DFC को लोन देने के आदेश।
किताबें जलने पर किताब यूनिफार्म फ्री देंगे।
बोर्ड परीक्षा का दोबारा इंतजाम करेंगे।
केजरीवाल ने आज हिंसा पीड़ित लोगों के लिए कई ऐलान किए। पढ़ें क्या है वो.....
खाने पहुंचाने का काम आज से शुरू कर दिया है।
चौबीस घंटे चलने वाले हेल्प लाइन नंबर जारी किए हैं।
एसडीएम को नोडल अफसर के रूप में नियुक्त किया जा रहा है। इनकी संख्या 18 है।
चार नाइट मजिस्ट्रेट की तैनाती।
मृतकों के परिजनों को 10 लाख का मुआवजा और नाबालिग मृतक के परिजनों को 5 लाख का मुआवजा।
टूटे रिक्शों के लिए 25,000 रुपये।
कागजी कार्रवाई में वक्त लग रहा है तो जरूरतमंद लोगों को तत्काल 25,000 रुपये की मदद।
घर जला पूरी तरह से तो 5 लाख का मुआवजा।
दुकान आदि जलने पर 5 लाख का मुआवजा (जिनका बीमा नहीं)।
स्पेशल पुलिस कमिश्नर(लॉ एंड ऑर्डर) एसएन श्रीवास्तव ने आज खजूरी खास इलाके का दौरा किया और कहा कि मैं यहां इसलिए आया हूं ताकि लोगों को आश्वस्त कर सकूं कि हम उनके साथ हैं और उनकी भलाई के लिए हैं। यहां लोग सकरात्मक हैं और आश्वस्त किया है कि वो मिलकर रहेंगे। इलाके में भाईचारा लौटने से अच्छा लग रहा है।
आप विधायक राघव चड्ढा ने ताहिर हुसैन पर उठ रहे सवालों को लेकर कहा है कि अगर वह दोषी हैं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। दोषी किसी भी पार्टी का हो वह बचना नहीं चाहिए। हमारे पास जांच एजेंसी नहीं है और न ही कोई सबूत है। हम नहीं कह सकते कि ताहिर निर्दोष हैं या गुनहगार। अगर जांच में ताहिर दोषी पाए जाएं तो उन्हें जरूर सजा हो।
सीबीएसई ने नार्थ ईस्ट दिल्ली इलाके के लिए 28 और 29 को होने वाली 10वीं और 12वीं की परीक्षा स्थगित की।
अदालत ने केंद्र सरकार को जवाब दाखिल करने के लिए तीन हफ्तों का समय दिया है साथ ही इस मामले की अगली सुनवाई 13 अप्रैल तक के लिए टाल दिया गया है।
तुषार मेहता के आवेदन पर दिल्ली हाईकोर्ट ने इस मामले में केंद्र सरकार को भी पार्टी बना लिया है।
इसके बाद दिल्ली पुलिस ने हाईकोर्ट को बताया कि उन्होंने यह फैसला लिया है कि वो विद्वेषपूर्ण भाषणों पर एफआईआर दर्ज नहीं करेंगे क्योंकि इसका ये सही समय नहीं है। इससे शांति बहाली में कोई मदद नहीं मिलेगी और दिल्ली के हालात सामान्य नहीं होंगे। दिल्ली पुलिस ने ये भी बताया कि हिंसा के मामले में अब तक उन्होंने 48 एफआईआर दर्ज कर ली है।
ताहिर हुसैन पर आईबी के जवान की हत्या का जो आरोप लग रहा है उसके बाद भाजपा सांसद गौतम गंभीर सामने आए हैं और आरोपी पर कार्रवाई की मांग की है। गंभीर ने ट्वीट कर कहा, आईबी जवान अंकित शर्मा को मार कर लाश नाली में फेंक देना, घर में दंगाइयों को पनाह देना और पेट्रोल बम फेंकना! ऐसे आरोप एक प्रतिनिधि पर लग रहें है! अगर ये साबित होता है, तो ताहिर हुसैन को ना जनता माफ करेगी, ना कानून और ना भगवान। मिस्टर केजरीवाल आपकी चुप्पी हमें बेचैन कर रही है।
हरियाणा के मंत्री रंजीत चौटाला ने दिल्ली हिंसा पर कहा है कि दंगे तो होते रहे हैं। पहले भी होते रहे हैं, ऐसा नहीं है। जब इंदिरा गांधी की हत्या हुई तो पूरी दिल्ली जलती रही। यह तो जिंदगी का हिस्सा है, जो होता रहता है।
दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली हाईकोर्ट में चल रहे हिंसा के केस में सॉलिसीटर जनरल तुषार मेहता और अतिरिक्त सॉलिसीटर जनरल एमके आचार्य, अमित महाजन और रजत नायर को दिल्ली पुलिस का वकील नियुक्त किया है।
दिल्ली हिंसा को लेकर कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी प्रतिनिधिमंडल के साथ राष्ट्रपति भवन पहुंचीं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी उनके साथ थे। सोनिया गांधी ने दिल्ली हिंसा को लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को ज्ञापन सौंपा। राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने के बाद सोनिया गांधी ने कहा कि दिल्ली में तीन दिन तक हिंसा हुई। केंद्र सरकार हिंसा की मूकदर्शक बनी रही।
चांद बाग में दवा की दुकान के मालिक राजजुल इस्लाम ने बताया कि अब स्थिति अच्छी है। मैं उन लोगों को दवाएं उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहा हूं जिन्हें आपात जरूरत है। इलाके में दोनों समुदाय के लोगों ने शांति मार्च निकाला ताकि सामान्य हालात वापस लौट सकें।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की मुखिया मायावती ने कहा है कि दिल्ली हिंसा की आड़ में राजनीतिक पार्टियां गंदी राजनीति कर रही हैं। केंद्र को पुलिस और सिस्टम को मुक्त होकर काम करने देना चाहिए। दिल्ली के मुख्यमंत्री को हालात को सामान्य करने में मुख्य भूमिका निभानी चाहिए न कि अन्य राज्यों में राजनीति करनी चाहिए।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त कमिश्नर ओपी मिश्रा ने चांद बाग इलाके में फ्लैग मार्च के दौरान यह घोषणा की कि यहां जो भी किराने, दवाई और अन्य रोजमर्रा की जरूरतों के सामान की दुकाने हैं उन्हें खोल लें। डरने वाली कोई बात नहीं है, पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए यहां मौजूद है। कृपया आप समूह में इकट्ठा न हों खासतौर से युवा परहेज करें।
एक के बाद एक कई ट्वीट कर कपिल मिश्रा ने ताहिर हुसैन पर आरोप लगाया कि, 'डंके की चोट पर कह रहा हूं, अगर दंगो के दिनों की ताहिर हुसैन के फोन के कॉल डिटेल्स खुल गई तो दंगो में और अंकित शर्मा की हत्या में संजय सिंह और केजरीवाल दोनों की भूमिका सामने आ जायेगी।'
कपिल मिश्रा ने एक अन्य ट्वीट में लिखा है, 'ताहिर हुसैन का खुद दंगा करते हुए वीडियो है, 50 से ज्यादा गवाह हैं घर से गोलियां पेट्रोल बम चले, तीन मर्डर हुए अंकित शर्मा का परिवार कह रहा है। ताहिर ने मर्डर किया छत से पेट्रोल बम का जखीरा मिला, कांग्रेस चुप है, केजरीवाल चुप, अब देखना है कौन-कौन मीडिया चैनल ताहिर को बचाएगा।'
आप पार्षद का नाम आईबी कांस्टेबल की हत्या में सामने आने के बाद भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने कहा, 'आम आदमी पार्टी ताहिर हुसैन को बचाने की कसम खा चुकी हैं, केजरीवाल के चमचे पत्रकार ताहिर को बचाने के मिशन में लगे हैं। वीडियो में साफ ताहिर उसी छत पर दिख रहा हैं, दंगाइयों के साथ ताहिर का घर एक क्राइम सीन है - अंकित शर्मा समेत कम से कम तीन हत्याएं हुई हैं उस घर में।'
दिल्ली हिंसा में मरने वालों की कुल संख्या 32 हो चुकी है। इसमें तीस मौतें जीटीबी अस्पताल में हुई हैं, जबकि दो मौत एलएनजेपी अस्पताल में हुई हैं।
हाईकोर्ट के जस्टिस मुरलीधर के तबादले के बाद राहुल गांधी ने भी ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा आज मैं जज लोया को याद कर रहा हूं, उनका तबादला नहीं हुआ था।
दिल्ली हिंसा पर सुनवाई करने वाले जज का आधीरात को ट्रांसफर होने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा ने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। प्रियंका ने ट्वीट किया- आधीरात को हुआ जस्टिस मुरलीधर का तबादला वर्तमान हालात में चौंकाने वाला नहीं है, लेकिन यह निश्चित ही दुखद और शर्मनाक है। लाखों भारतीयों को एक न्यायप्रिय और ईमानदार न्यायपालिका में विश्वास है, न्याय को विफल करने और उनके विश्वास को तोड़ने के सरकार के प्रयास दुस्साहसी हैं।
गुरु तेगबहादुर अस्पताल के मेडिकल सुपरीटेंडेंट सुनील कुमार गौतम ने जानकारी दी है कि अस्पताल में मरने वालों की संख्या 30 हो गई है।
दिल्ली हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है। वहीं घायलों की संख्या 200 से ज्यादा हो गई है। वहीं जाफराबाद, मौजपुर, सीलमपुर और बाबरपुर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और माहौल बिल्कुल शांत है।