फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली में हुई हिंसा में 167 एफआईआर दर्ज, 885 लोग गिरफ्तार और हिरासत में, अबतक 42 की मौत

Sat, 29 Feb 2020 10:32 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

राजधानी के हिंसाग्रस्त इलाकों में हालात सामान्य हो रहे हैं लेकिन दहशत व तनाव कायम है। दिल्ली हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 42 हो गई, जबकि 300 से ज्यादा लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। दिल्ली पुलिस ने अब तक 148 एफआईआर दर्ज की हैं। 630 लोगों को पकड़ा है, जिसमें कुछ की गिरफ्तारी भी हुई है। उत्तर पूर्वी दिल्ली में सुरक्षा के लिए 7000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पढ़ें दिनभर का हर अपडेट...
विज्ञापन
दिल्ली के शिव विहार इलाके का आज का हाल - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:07 PM, 29-Feb-2020

आज नहीं आई हिंसा से जुड़ी कॉल : पुलिस

दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि आज हिंसा से जुड़ी कोई पीसीआर कॉल नहीं आई। दिल्ली हिंसा के मामले में कुल 167 एफआईआर दर्ज की गईं, जिनमें से 36 मामले आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं। 885 व्यक्तियों को  गिरफ्तार किया गया है।

आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के लिए ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि जैसे विभिन्न प्लेटफार्मों से संचालित अकाउंटों के खिलाफ 13 मामले दर्ज किए गए। गैरकानूनी, आपत्तिजनक सामग्री के प्रचलन में शामिल कई सोशल मीडिया अकाउंट और वेब लिंक को निलंबित कर दिया गया है।
 

07:46 PM, 29-Feb-2020

दलबीर सिंह के परिवार को पांच लाख मुआवजा

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी है कि सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले दलबीर सिंह के परिवार को 5 लाख रुपये की मुआवजा दिया है। बता दें कि दिल्ली हिंसा में दलबीर सिंह की जान गई थी।
 
 

07:16 PM, 29-Feb-2020

छात्रा की सुरक्षा का इंतजाम करे पुलिस और सरकार : हाईकोर्ट

सीबीएसई की पीआरओ रमा शर्मा ने बताया कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 02 मार्च से निर्धारिक कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएंगी। बोर्ड ने दिल्ली उच्च न्यायालय में हलफनामा दायर किया है। जिसपर हाईकोर्ट ने दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार को छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और इन क्षेत्रों में परीक्षा आयोजित करने के लिए सभी सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है।
 
 

विज्ञापन
06:14 PM, 29-Feb-2020

जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करना प्राथमिकता : केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हमने सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आज एक समीक्षा बैठक की। आज दिल्ली के किसी भी हिस्से से हिंसा की कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है। हमारी पहली प्राथमिकता जल्द से जल्द सामान्य स्थिति बहाल करना है।

उन्होंने कहा कि हिंसा के दौरान चार सब-डिवीजन प्रभावित हुए और इन सब-डिवीजनों में लगभग 18 एसडीएम हैं। सभी अपने संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे है साथ ही हिंसा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए घरों / दुकानों की पहचान भी कर रहे हैं।

केजरीवाल ने कहा कि पहले दिन दंगा प्रभावित इलाके से 69 फॉर्म मिले हैं। इन सबको कल तक 25 हजार रुपये की मदद दी जाएगी। 
 
 

06:01 PM, 29-Feb-2020

शांति और सांप्रदायिक सद्भावना वापस लाना प्राथमिकता : एसएन श्रीवास्तव

दिल्ली पुलिस आयुक्त एसएन श्रीवास्तव ने कहा मेरी पहली प्राथमिकता राजनधानी में शांति और सांप्रदायिक सद्भाव को वापस लाना है। हम हत्या की धाराओंं के साथ दंगे के मामले दर्ज कर रहे हैं ताकि ये घटनाएं दोबारा न हों। इसमें शामिल दोषियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
 

विज्ञापन
05:35 PM, 29-Feb-2020

स्थिति शांतिपूर्ण

दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (अपराध), सतीश गोलछा ने मौजपुर, जाफराबाद और बाबरपुर में फ्लैग मार्च किया, उन्होंने कहा, 'स्थिति शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है। पिछले 3 दिनों में इन क्षेत्रों से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। इसलिए, कर्फ्यू में ढील दी गई है।'

उन्होंने कहा कि हम जल्द से जल्द स्थिति को सामान्य करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। हम स्थिति की निगरानी करना जारी रखेंगे और हिंसा प्रभावित क्षेत्रों में पूरी तरह से सामान्य होने तक सुरक्षा कर्मियों को तैनात करेंगे। 
 
 

05:01 PM, 29-Feb-2020

उत्तर पूर्व दिल्ली में 7 मार्च तक स्कूल बंद

शिक्षा निदेशालय, दिल्ली सरकार ने जानकारी दी है कि उत्तर पूर्व जिले के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी मान्यता प्राप्त स्कूल 7 मार्च 2020 तक छात्रों के लिए बंद रहेंगे। जिले के स्कूलों के लिए वार्षिक परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा जल्द ही की जाएगी। 
 

04:40 PM, 29-Feb-2020

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन जीटीबी अस्पताल पहुंचे

दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने जीटीबी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया। उन्होंने बताया कि अस्पातल में अब भी 45 लोग भर्ती हैं, जिनकी हालत स्थिर है। दिल्ली सरकार ने सभी के लिए मुआवजे का एलान किया है। उन्होंने कहा कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।

03:28 PM, 29-Feb-2020

प्रवेश वर्मा अपने एक माह के वेतन मृतक हेड कांस्टेबल और आईबी कांस्टेबल के परिजनों को देंगे

भाजपा सांसद प्रवेश वर्मा ने एलान किया है कि वह अपने एक महीने की सैलरी हिंसा में मृत दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल रतन लाल और आईबी कांस्टेबल अंकित शर्मा के परिवार को देंगे।

03:09 PM, 29-Feb-2020

घर खोने वाले बीएसएफ जवान की मदद के लिए पहुंची टीम

खजूरी खास इलाक में हिंसा के दौरान अपना मकान खोने वाले बीएसएफ जवान मोहम्मद अनीस के घर बीएसएफ की एक टीम पहुंची। डीआईजी(मुख्यालय) पुष्पेंद्र राठौर ने कहा कि मोहम्मद अनीस अभी ओडिशा में पोस्टेड है और जल्द ही उसे दिल्ली स्थानांतरित कर दिया जाएगा।

03:05 PM, 29-Feb-2020

प्रभावितों को राहत के लिए फॉर्म बांटने पहुंची टीम

उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के बाद शनिवार को अधिकारियों की एक टीम शिव विहार के उन इलाकों में पहुंचीं जहां उपद्रव का असर हुआ था। सब डिविजनल मजिस्ट्रेट प्रदीप तायल ने कहा कि हम प्रभावित लोगों को फॉर्म भी वितरित कर रहे हैं ताकि उन्हें तत्काल 25,000 रुपये की राहत दी जा सके।

02:37 PM, 29-Feb-2020

राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर 6 युवक 'देश के गद्दारों को...' नारे लगाते पाए गए जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है।
 

01:12 PM, 29-Feb-2020

गोकुलपुरी के घायल एसीपी ने बताई 24 फरवरी की आपबीती

गोकुलपुरी के एसीपी अनुज कुमार भी हिंसा के शिकार हो गए थे। उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने 24 फरवरी की घटना बताते हुए कहा कि जब मैं शाहदरा के डीसीपी अमित शर्मा को अस्पताल लेकर जा रहा था तो पत्थरबाजों में मुझपर भी हमला कर दिया, जिससे मेरे सिर में चोट लग गई। हमें नहीं पता था कि रतन लाल को गोली मार दी गई थी। हम रतन को जीटीबी अस्पताल ले गए और बाद में डीसीपी को मैक्स अस्पताल ले गए।

01:07 PM, 29-Feb-2020

ज्वाइंट कमिश्नर बोल- 25 फरवरी की शाम से नहीं हुई कोई हिंसा

दिल्ली के ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार ने बताया कि 25 फरवरी की शाम के बाद हिंसा की कोई घटना सामने नहीं आई है। हमने सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक के लिए धारा 144 में ढील दी है क्योंकि स्थिति नियंत्रण में है। हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

12:58 PM, 29-Feb-2020

कपिल मिश्रा ने साधा केजरीवाल पर निशाना, कहा- अखलाक के घर गए अंकित के घर कब जाओगे

दिल्ली हिंसा में मारे गए आईबी के स्टाफर अंकित शर्मा के घर अब तक न पहुंचने के लिए भाजपा नेता कपिल मिश्रा ने केजरीवाल पर निशाना साधा है। कपिल मिश्रा ने ट्वीट किया, 'दिल्ली से दूर, अखलाक के घर तुरंत दौड़कर जाने वाले केजरीवाल को मुख्यमंत्री निवास से सिर्फ 7 किमी दूर अंकित शर्मा के घर जाने का टाइम अभी तक नहीं मिला। अंकित के घर भी जाओ।'

12:54 PM, 29-Feb-2020

कुछ राजनीतिक दल हिंसा पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं: नकवी

अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने शनिवार को आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल और उकसाने वाले पेशेवेर लोग साम्प्रदायिक दंगों से प्रभावित लोगों के जख्मों पर नमक छिड़क रहे हैं लेकिन इन सबके बावजूद सौहार्द कायम होगा। उन्होंने कहा कि भड़काने वाले और मुजरिम जेल में होंगे। शांति कायम होगी यह हमारी प्रतिबद्धता तथा विश्वास होना चाहिए।

12:18 PM, 29-Feb-2020

केंद्रीय मंत्री पुरी से मिले केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात की। मुलाकात के बाद केजरीवाल ने कहा कि चुनाव के बाद पहली बार हरदीप पुरी जी से मिला। दिल्ली की शासन विधि में बहुत सी चीजें उनके मंत्रालय के अंतर्गत आती हैं। हम दोनों दिल्ली के विकास के लिए मिलकर काम करने के लिए सहमत हैं। 

11:16 AM, 29-Feb-2020

कपिल मिश्रा पहुंचे जंतर-मंतर

कपिल मिश्रा जंतर-मंतर पहुंच चुके हैं। यहां उन्होंने शांति मार्च बुलाई थी। दिल्ली हिंसा के बाद लोगों से शांति की अपील करते हुए यह मार्च बुलाया गया है।

11:05 AM, 29-Feb-2020

शिकायतों की जांच करेगी पुलिस

दिल्ली सरकार के सूत्रों के अनुसार एक अधिकारी उस व्हॉट्सएप नंबर पर प्राप्त सभी शिकायतों की जांच करेगा। जो शिकायतें वास्तविक हैं, उन्हें आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को भेज दिया जाएगा।

10:59 AM, 29-Feb-2020

व्हॉट्सएप नंबर जारी करेगी दिल्ली सरकार

दिल्ली सरकार के सूत्रों ने कहा है कि व्हॉट्सएप के माध्यम से नफरत फैलाने वाली तमाम चीजें वायरल की जा रही हैं। अगर किसी के पास इस तरह के मैसेज आते हैं तो वह तुरंत इसकी शिकायत दर्ज कराए। दिल्ली सरकार ऐसी शिकायतें दर्ज कराने के लिए विशेष व्हॉट्सएप नंबर जारी करेगी।

10:06 AM, 29-Feb-2020

कपिल मिश्रा ने जंतर-मंतर पर शांति मार्च बुलाया

कपिल मिश्रा ने लोगों से अनुरोध किया है कि वह शांति मार्च में हिस्सा लेने जंतर-मंतर पहुंचें। उन्होंने एक ट्वीट कर लिखा है, 'दोस्तों दिल्ली के दंगों में पीड़ित परिवारों की मदद के लिए, उन्हें दुबारा खड़ा करने के लिए आपकी मदद की जरूरत हैं साथ दीजिए।'

09:53 AM, 29-Feb-2020

केंद्रीय मंत्री पुरी से मिलेंगे केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी से सुबह 11.30 बजे मिलेंगे।

09:50 AM, 29-Feb-2020

हिंसा प्रभावित इलाकों में धारा 144 लागू

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हिंसा प्रभावित इलाकों में आज भी धारा 144 लागू है। वहीं इन इलाकों में हालात सामान्य हो रहे हैं।

09:29 AM, 29-Feb-2020

दिल्ली में हुई हिंसा में 167 एफआईआर दर्ज, 885 लोग गिरफ्तार और हिरासत में, अबतक 42 की मौत

राजधानी के हिंसाग्रस्त इलाकों में हालात सामान्य हो रहे हैं लेकिन दहशत व तनाव कायम है। हालांकि, शुक्रवार को शिव विहार इलाके में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके साथ दिल्ली हिंसा में मरने वालों की संख्या बढ़कर 42 हो गई, जबकि 300 से ज्यादा लोग अस्पतालों में भर्ती हैं। दिल्ली पुलिस ने अब तक 148 एफआईआर दर्ज की हैं। 630 लोगों को पकड़ा है, जिसमें कुछ की गिरफ्तारी भी हुई है। उत्तर पूर्वी दिल्ली में सुरक्षा के लिए 7000 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें