दिल्ली दंगों के मामले में स्पेशल सेल के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। जामिया समन्वय समिति के सदस्य मीरान हैदर के घर से सेल ने एक रजिस्टर बरामद किया है। इसमें उत्तर-पूर्वी दिल्ली में दंगे कराने के लिए बांटी गई रकम का विवरण दर्ज है। यह भी कहा जा रहा है कि रजिस्टर में हिंसा के बारे में भी विवरण है। दिल्ली पुलिस ने हैंडराइटिंग मिलान के लिए रजिस्टर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा है।
दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मीरान हैदर को पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा भी लगाई गई है। गिरफ्तारी के समय मीरान हैदर के घर की तलाशी में यह रजिस्टर और ढाई लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हिंसा के दौरान उसके बैंक खाते में पांच लाख रुपये जमा किए गए थे। बताया जा रहा है कि यह पैसा विदेशों से आया था। पुलिस रजिस्टर को लेकर हिंसा से लिंक जोड़ रही है। उत्तर-पूर्वी दिल्ली में फरवरी महीने में दंगे हुए थे। इनमें 53 लोगों की जान चली गई थी और सैकड़ों घायल हो गए थे।
हिंसा को लेकर 700 से ज्यादा एफआईआर दर्ज की गई थीं और 2500 से ज्यादा लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल दंगों की साजिश रचने का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।