दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव 2018 का शंखनाद हो गया है। इसके लिए 12 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। डीयू प्रशासन ने इसकी अधिकारिक घोषणा कर दी है। तारीख की घोषणा होते ही आचार-संहिता लागू हो गई है।
चुनाव में लिंगदोह कमेटी व सुप्रीम कोर्ट की सिफारिशों का सख्ती से पालन किया जाएगा। शेड्यूल के मुताबिक नामांकन करने की अंतिम तिथि 4 सितंबर है। बीते सप्ताह ही डीयू के बिजनेस इकोनॉमिक्स विभाग के प्रो वी. के कौल को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। मतदान दो शिफ्टों में होगा।
इस बार मतदान के समय में भी आधे घंटे का इजाफा किया गया है। दिन के कॉलेजों में वोट सुबह 8.30 से 1.00 बजे तक डाले जा सकेंगे। सांध्यकालीन कॉलेजों में वोट डालने का समय शाम 3 से रात 7.30 बजे तक तय किया गया है। उम्मीदवारों को नामांकन पत्र मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय (कान्फ्रेंस सेंटर) व सेंट्रल काउंसिल चुनाव के लिए नामांकन पत्र संबंध कॉलेज व विभाग में जमा कराना होगा।
डूसू चुनाव के लिए नामांकन पत्र 4 सितंबर दोपहर तीन बजे तक भरे जाऐंगे। स्कूटनी का काम उसी दिन दोपहर 3.15 बजे तक होगा। प्रत्याशियों की सूची 4 सितंबर शाम 6 बजे जारी की जाएगी।
नामांकित उम्मीदवार अपना नाम 5 सितंबर दोपहर 12 बजे तक वापस ले सकते हैं। अंतिम सूची पांच सितंबर शाम 5 बजे जारी की जाएगी। मतगणना की तारीख की घोषणा नहीं की गई है। छात्रों तक पैठ बनाने के लिए संगठन कॉलेज टू कॉलेज संपर्क अभियान करेंगे।