Delhi University law students protest
- फोटो : ani
दिल्ली विश्वविद्यालय के विधि संकाय के बाहर लॉ के छात्रों ने परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस पहुंची। छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई छात्र घायल हो गए। परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने की मांग को लेकर सुबह से ही सैकड़ों छात्र कैंपस में जमा हो गए थे।
छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनपर लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया, जिससे कई छात्र घायल हो गए। दिल्ली पुलिस ने इन दावों को खारिज कर दिया। एक छात्र ने कहा, "हम आठ घंटे से अधिक समय से शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन हमारी चिंताओं पर ध्यान देने के बजाय प्रशासन ने पुलिस कार्रवाई का सहारा लिया।"
उधर, आरोपों पर विधि संकाय की डीन अंजू वली टिक्कू की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। घटनास्थल से प्राप्त तस्वीरों में भारी पुलिस बल की तैनाती देखी गई, जिसमें छात्रों की भारी भीड़ के बीच कुछ पुलिसकर्मी डंडे लिए हुए थे। दोनों पक्षों के बीच बहस होती दिखी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थानीय पुलिस कर्मियों को बुलाया गया था क्योंकि कुछ छात्रों ने डीन के कार्यालय को घेर लिया था और उन्हें घर जाने नहीं दे रहे थे।
डीसीपी (उत्तर) राजा बंथिया ने कहा, "हमें डीयू प्रशासन और प्रॉक्टर लॉ फैकल्टी से अनुरोध मिला कि उन्हें (फैकल्टी और अन्य कर्मचारियों को) बाहर जाने की अनुमति नहीं है क्योंकि छात्रों ने निकास मार्ग को अवरुद्ध कर दिया था। पुलिस वहां पहुंची और उन्हें (डीन सहित फैकल्टी और कर्मचारियों को) बाहर जाने में मदद की, छात्र इस बात से नाराज हैं और विरोध कर रहे हैं। मेरे पास मौजूद जानकारी के अनुसार, पहले घोषित की गई परीक्षा तिथियां- 26 दिसंबर से आयोजित होने वाली थीं, जिन्हें रोक दिया गया है और अब परीक्षाओं की तारीखों के बारे में फैसला करने के लिए एक समिति बनाई जाएगी।"