स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में बीए और बीकॉम की पहले सेमेस्टर की परीक्षा रद्द कर दी गई है। कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि कंप्यूटर सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन की वजह से गलती हुई। परीक्षा हाल टिकट में परीक्षा समय गलत छप गया।
दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में बीए और बीकॉम की पहले सेमेस्टर की परीक्षा शनिवार को अचानक रद कर दी गई। रविवार को होने वाली परीक्षा को भी रद किया गया है। छात्रों को परीक्षा की अगली तिथि के बारे में जल्द ही सूचित किया जाएगा।
विज्ञापन
शनिवार को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के बाद परीक्षा रद होने की जानकारी मिली। प्रशासन अचानक परीक्षा रद किए जाने का कारण कंप्यूटर सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन की वजह से हुई गलती बता रहा है। अब 11 मार्च से परीक्षाएं पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार होंगी।
डीयू प्रशासन इस मामले में जांच कमेटी गठित करने की तैयारी कर रहा है। डीयू में सेमेस्टर की परीक्षाएं जारी हैं। शनिवार को पहले सेमेस्टर के बीए प्रोग्राम(पार्ट-1) व बीकॉम (पार्ट-1) की परीक्षा होनी थी। दो पालियों(सुबह व शाम) की परीक्षा के लिए पहली पाली में सुबह 9 बजे परीक्षा शुरू होनी थी, लेकिन छात्रों को परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के बाद पता चला कि उनकी परीक्षा नहीं होगी।
विज्ञापन
जबकि कुछ सेंटरों पर तो छात्रों को प्रश्न पत्र मिल गया था और उन्होंने उत्तर लिखने शुरू कर दिए थे। लेकिन सुबह 10 से 10.30 के बीच अचानक उनकी परीक्षा भी रद कर दी गई। परीक्षा रद होने से परीक्षा केंद्रों के बाहर अव्यवस्था की स्थिति रही। परीक्षा रद होने के कारण करीब 25 हजार छात्र प्रभावित हुए।
कुछ सेंटरों पर छात्रों ने हंगामा भी किया। भीड़ बढ़ने और हंगामे की आशंका के चलते कुछ सेंटरों पर पुलिस के पहुंचने की भी सूचना है। परीक्षा रद होने के कारण क्रांतिकारी युवा संगठन के नेतृत्व में छात्रों ने आर्ट्स फैकल्टी के गेट नंबर चार पर एक रैली का आयोजन भी किया और डीयू कुलपति कार्यालय में एक ज्ञापन भी सौंपा।
ज्ञापन में केवाईएस ने एसओएल अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। केवाईएस ने पूरी पाठ्य सामग्री नहीं मिलने तक परीक्षाएं स्थगित करने की मांग की है।
जांच कमेटी गठित करने की तैयारी
कैंपस ऑफ ओपन लर्निंग की निदेशक प्रो. पायल मागो ने बताया कि कंप्यूटर सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन की वजह से गलती हुई। परीक्षा हाल टिकट में परीक्षा समय गलत छप गया। मैनुअल रूप से इसे जांचा नहीं गया। अब हम इस मामले में जांच कमेटी गठित करेंगे। इसमें जो भी दोषी पाया जाएगा
उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जो परीक्षाएं रद की गई हैं, उनके लिए जल्द ही नई तिथियां जारी की जाएंगी। 11 मार्च से होने वाली परीक्षाएं पूर्व निर्धारित शेड्यूल के अनुसार ही होंगी। प्रशासन ने एहतियातन रविवार को होने वाली बीए प्रोग्राम पार्ट-1 और बीकॉम ऑनर्स पार्ट-1 की परीक्षा को भी रद कर दिया है।