एसओएल में दाखिले से चूके तो अगले साल ही मिलेगा मौका
दिल्ली विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (एसओएल) में अब दाखिला लेने से चूके तो यहां पढ़ाई करने का अवसर अगले साल ही मिलेगा। दरअसल, एसओएल मेें जून में शुरू हुई दाखिले की रेस मंगलवार को समाप्त होनेे जा रही है।
ऐसे में छात्रों के पास मंगलवार तक ही दाखिला लेने का अवसर है। अभी यह तय नहीं है कि दाखिला तिथि को आगे बढ़ाया जाएगा या नहीं। इससे पहले 30 सितंबर को दाखिला लेने की अंतिम तिथि थी, जिसे 15 अक्तूबर तक बढ़ाया गया था। अब तक एसओएल में एक लाख 20 हजार से अधिक छात्र दाखिला ले चुके हैं। इनमें से कई छात्र ऐसे भी हैं जिनके अंक 80-90 फीसदी से अधिक हैं।
अधिकारियों का कहना है कि यदि अब तक किसी ने दाखिला नहीं लिया है तो वह जल्द से जल्द दाखिला ले ले। एसओएल में लेट फीस के साथ दाखिला लेने का प्रावधान नहीं है। पहले यहां दाखिला लेने की अंतिम तिथि 31 अगस्त थी, जिसे बढ़ाकर 15 सितंबर और उसके बाद फिर से तिथि को बढ़ाकर 30 सितंबर किया गया था। इसके बाद फिर से तिथि को 15 अक्तूबर तक के लिए बढ़ा दिया गया था।
एसओएल में स्नातक स्तर पर बीए पास, बीए पॉलिटिक्ल साइंस ऑनर्स, बीकॉम प्रोग्राम, बीकॉम ऑनर्स, बीए अंग्रेजी ऑनर्स, बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स, बीबीए फाइनेंशियल इनवेस्टमेंट एनॉलिसिस, बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, बीए कंप्यूटर ऐप्लिकेशन, बीए ऑनर्स साइकोलॉजी, बी लिब, एमलिब में दाखिला लिया जा सकता है। एसओएल और नियमित कॉलेज के पाठ्यक्रम में कोई अंतर नहीं है और डिग्री भी समान ही मिलती है। वहीं दाखिला विभिन्न प्रोग्राम की योग्यता के अनुसार 45-60 फीसदी पर हो जाता है। इस कारण से यहां नियमित कॉलेजों से अधिक दाखिले होते हैं। वहीं पहली बार शुरू की गई ड्यूल डिग्री प्रोग्राम व्यवस्था के लिए भी आवेदन करने का अंतिम दिन मंगलवार को ही है।