दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग गिरोह का भंडाफोड़ कर बड़ी मात्रा में बढि़या क्वालिटी की एमडीएमए और एक्स्टसी टैबलेट बरामद कीं। पुलिस ने एक नाइजीरियाई नागरिक इकेचुक व संतन गोस्वामी को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एमडीएमए और एक्स्टसी की नशीले पदार्थ की कुल 6790 गाेलियां बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद 3 किलोग्राम वजन की गोलियाें की कीमत 4 करोड़ बताई जा रही है। जब्त की गई ड्रग्स कूरियर के जरिए देश के बाहर से मंगाई गई थी।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त संजय भाटिया के अनुसार टीम को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के तहत लोनी निवासी संतन गोस्वामी के बारे में 14 नवंबर को सूचना मिली। उसमें बताया गया कि वह अवैध ड्रग्स एमडीएमए, कोकीन, एक्स्टसी की तस्करी करता है। शाखा में तैनात एसीपी राज कुमार की देखरेख में टीम ने कार्रवाई करते हुए कालीबाड़ी अपार्टमेंट, गोल मार्केट, दिल्ली के पास से संतन गोस्वामी को 33 ग्राम एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया। उसके बाद छतरपुर से नाइजीरियाई नागरिक इकेचुक को गिरफ्तार कर लिया। वह संतन काे मादक पदार्थों की गोलियां देता था। उसके किराये के घर की तलाशी के दौरान चार पार्सल ट्रैकिंग आईडी का डाटा मिला, जिसकी जांच की गई तो पता चला कि पार्सल विदेश से भेजे गए थे।
जांच के दौरान, मिले पार्सल, ट्रैकिंग आईडी विदेशी डाकघर से जुड़े थे। इन चार पार्सल में 3.037 किलोग्राम वजन की 6790 एक्स्टसी टैबलेट थीं, जिनकी कीमत 4 करोड़ रुपये है।
कनॉट प्लेस जैसी जगहों पर करता था सप्लाई
संतन गोस्वामी पहले टैक्सी ड्राइवर था। फिर वह एक अफ्रीकी नागरिक के संपर्क में आया जो एमडीएमए, एक्स्टसी और कोकीन की आपूर्ति में शामिल था। वह मुख्य रूप से कनॉट प्लेस और उसके आस-पास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। इकेचुक आठ साल पहले भारत आया था। शुरुआत में वह कोलकाता में रहता था, फिर वह फरीदाबाद आ गया। वर्तमान में वह छतरपुर, दिल्ली में रह रहा है। वह एक ड्रग सिंडिकेट का प्रमुख सदस्य है।