पुलिस ने बताया कि मैदान गढ़ी के सतबारी खर्क गांव के मकान नंबर 155 में कई मौतों के संबंध में पीसीआर कॉल पर सूचना मिली। कॉल करने वाले ने बताया है कि यहां पर एक लड़के ने चाकू से अपना हाथ काट लिया है, खून निकला है। घर पर बहुत सारा खून पड़ा है। मदद चाहिए। इस सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जहां पुलिस को घर के भूतल पर खून से सने दो शव पड़े मिले और पहली मंजिल पर एक महिला का शव मिला।
मृतकों की पहचान प्रेम सिंह (उम्र 45-50 वर्ष), रजनी (उम्र 40-45 वर्ष) और ऋतिक (उम्र 24 वर्ष) के रूप में हुई। शुरुआती जांच में सामने आया कि परिवार का चौथा सदस्य, सिद्धार्थ (उम्र 22-23 वर्ष) घर से गायब है, जोकि मृतक दंपती का पुत्र बताया जा रहा है। प्रथम दृष्टया यह भी सामने आया है कि उसने किसी को बताया था कि उसने अपने परिवार की हत्या कर दी है और अब वह यहां नहीं रहेगा।