दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बारिश और जाम के बावजूद ग्रीन कॉरिडोर बनाकर सोमवार को एक मरीज को नया जीवन देने में डॉक्टरों की मदद की। दरअसल, सोमवार शाम जेट एयरवेज के जरिए पटना से एक लिवर ट्रांसप्लांट के लिए दिल्ली लाया गया।
इसके लिए दिल्ली पुलिस को एंबुलेंस के जरिए लिवर लेकर एयरपोर्ट से 13 किलोमीटर दूर अस्पताल तक पहुंचने में महज 11 मिनट का समय लगा।
ट्रैफिक पुलिस के संयुक्त आयुक्त आलोक कुमार ने बताया कि सोमवार शाम को 6.40 बजे एयरपोर्ट पर पटना से लिवर दिल्ली पहुंचा। लिवर को वसंत कुंज स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बायलरी साइंसेस (आईएलबीएस) अस्पताल पहुंचाना था। डॉक्टरों का कहना है कि दानकर्ता से लिवर दिल्ली पहुंचने और उसको ट्रांसप्लांट करने के बीच चार घंटे का ही समय था।
इधर, सोमवार को दिल्ली में रह रहकर बारिश भी हो रही थी, जिसकी वजह से जगह-जगह ट्रैफिक जाम था। ऐसे में लिवर को समय पर अस्पताल पहुंचाना यातायात पुलिस के लिए चुनौती से कम नहीं था। शाम 6.40 बजे जैसे ही लिवर एयरपोर्ट पर पहुंचा। फौरन एंबुलेंस उसे 6.44 पर लेकर निकली जो 6.55 बजे अस्पताल पहुंच गई। आलोक कुमार के मुताबिक समय पर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एक और मरीज की जान बचा ली गई।