दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को एयरपोर्ट से एम्स तक ग्रीन कॉरिडोर उपलब्ध कराकर समय पर लिवर पहुंचाने में सफलता पाई। ग्रीन कॉरिडोर के चलते पीक आवर्स में 18.5 किलोमीटर की दूरी मात्र 23.10 मिनट में तय कर ली गई। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वह लिवर को सही समय पर एम्स पहुंचाकर बहुत खुश हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के डीसीपी विजय सिंह ने बताया कि एम्स की तरफ से एक निवेदन आया था। इसमें चार जुलाई को चंडीगढ़ से लाए जा रहे लिवर को एम्स पहुंचाने के लिए आईजीआई एयरपोर्ट से एम्स तक ग्रीन कॉरिडोर उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया था।
चंडीगढ़ से जेट एयरवेज की फ्लाइट लिवर लेकर चार जुलाई की सुबह करीब पौने ग्यारह बजे आईजीआई एयरपोर्ट पहुंची थी। इस समय दिल्ली में सड़कों पर पूरे दिन के मुकाबले ज्यादा ट्रैफिक होता है।
रूट में एनएच-8, राव तुलाराम मार्ग, रिंग रोड, एनडीएसई जैसे स्ट्रेच भी थे। इन पर सुबह के समय न केवल काफी ट्रैफिक रहता है, बल्कि वीवीआईपी मूवमेंट भी रहता है।