नांगलोई चौक पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी नियमों का उल्लंघन करने वालों का चालान काट रहे थे। इसी दौरान एक कार गलत दिशा से आई, जिसे ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। चालक ने कार भगाने की कोशिश की। इसी दौरान सिपाही सुनील कार के सामने आ गया।
चालक ने उसे हटने का इशारा किया लेकिन सुनील कार के सामने खड़ा रहा। इस पर चालक कार को आगे बढ़ाने लगा। सुनील ने कार का वाइपर पकड़कर बोनट पर चढ़कर खुद को बचाया, लेकिन चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और आरी तिरछी चलाकर सिपाही को गिराने की कोशिश करने लगा।
डेढ़ किमी के बाद चालक ने कार रोकी और सिपाही को उतरने के लिए कहा। सिपाही के कार से उतरते ही चालक कार को तेज रफ्तार से भगाकर ले गया। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी अनिल मित्तल ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। इस मामले की जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।