छतरपुर में बने दिल्ली के सबसे बड़े कोविड केयर सेंटर में मरीजों का सारा रिकॉर्ड डिजिटल तरीके से रखा जाएगा। इसके लिए सभी पैरामेडिकल स्टाफ को टैबलेट फोन दिए गए हैं। इनकी सहायता से सारा रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।
दक्षिणी जिला प्रशासन के मुताबिक, कोविड केयर सेंटर में जितने भी मरीज भर्ती होंगे, सभी की एक सूची बनाई जाएगी। इसमें उनका नाम, पता, भर्ती होने का दिन, मरीज को दी जा रही दवा, उसकी बीमारी और सेंटर में बिताए गए समय का सारा रिकॉर्ड रखा जाएगा।
एक निजी संस्था के लोगों ने जिला प्रशासन को कई टैबलेट फोन उपलब्ध कराएं है। मरीजों की सभी जानकारी इन टैबलेट फोन में ही रखी जाएगी। रोज डाटा तैयार किया जाएगा। सरकार ने मरीजों की जानकारी वाले जो सॉफ्टवेयर बनाए हैं, उनके माध्यम से सारा डाटा ऑनलाइन उपलब्ध रहेगा।
मरीजों के लिए पुस्तकों की व्यवस्था
राष्ट्रीय पुस्तक न्यास (मानव संसाधन विकास मंत्रालय) के सहयोग से तिमारपुर के विधायक दिलीप पाण्डेय ने क्वारंटीन सेंटर में मरीजों के लिए पुस्तकों की व्यवस्था की है। इसके लिए राष्ट्रीय पुस्तक न्यास ने एक हजार से अधिक पुस्तकें दान की हैं। खाली समय में मरीज इन पुस्तकों को पढ़ सकेंगे। दिलीप पाण्डेय ने कहा कि पुस्तकों के सहारे मरीज अपना 14 दिन का क्वारंटीन का समय आसानी से बिता सकेंगे।