दिल्ली राज्य चुनाव आयोग ने तीनों नगर निगम के चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनके गठन की अधिसूचना जारी कर दी है। तीनों नगर निगम ने नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाने और महापौर एवं अन्य पदों का चुनाव कराने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है। इस संबंध में उन्होंने कार्यक्रम तैयार करके स्वीकृति के लिए उपराज्यपाल के पास भेज दिया है।
उत्तरी दिल्ली नगर निगम ने नए सदन की पहली बैठक 18 मई को बुलाने का निर्णय किया है, जबकि दक्षिण दिल्ली नगर निगम के नए सदन की पहली बैठक 19 मई को होगी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने नए सदन की पहली बैठक 22 मई को करने का निर्णय लिया है।
तीनों नगर निगम के सदन की पहली बैठक में नवनिर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके अलावा महापौर, उपमहापौर एवं स्थायी समिति के सदस्यों का चुनाव होगा। इसके अलावा उनकी पहली बैठक में शिक्षा समिति के सदस्यों का भी चुनाव होने की संभावना है।