दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने की पेट्रोल-डीजल के दाम कम करने की मांग
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने डीजल की कीमत बढ़कर 81 रुपये प्रति लीटर से भी अधिक पहुंचने के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार ने कहा कि इससे दिल्लीवासियों पर बोझ बढ़ गया है। कोविड-19 लॉकडाउन के कारण पहले से लोग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वहीं, डीजल की कीमतें बढ़ने से रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़े हैं जिससे जनता परेशान है।
प्रदेश अध्यक्ष ने दिल्ली सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर शराब पर टैक्स घटाई जा सकती है तो पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले 30 प्रतिशत वैट की दरें कम क्यों नहीं हो सकती हैं। इससे दिल्ली वासियों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी।
पत्रकार की मौत मामले की जांच की मांग
प्रदेश कांग्रेस ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और पुलिस आयुक्त को पत्र लिखकर पत्रकार तरुण सिसोदिया की मौत के कारणों की जांच की मांग दोहराते हुए कहा कि कई अनसुलझे सवाल अभी भी हैं। इसलिए सच्चाई को सामने लाने के लिए मामले की जांच होनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि पत्रकार की दोनो बेटियों के भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए उनकी शिक्षा की जिम्मेदारी लेें। साथ ही परिजनों को कोरोना योद्धाओं की तरह मुआवजा देने की भी मांग की।