आईएफएसओ डीसीपी केपीएस मल्होत्रा के अनुसार, आईएफएसओ से एक व्यक्ति ने 12.75 लाख रुपये की ठगी की शिकायत की थी। उसने बताया कि मई, 2022 में उसकी फेसबुक पर सलविया ग्राफ्फिन नामक महिला से दोस्ती हुई। दोनों ने चैटिंग शुरू कर दी। महिला ने जल्द ही पीड़ित का विश्वास जीत लिया। इसके बाद आरोपी महिला ने कहा कि वह उसे महंगा गिफ्ट भेज रही है। इसके बाद आरोपी ने पीड़ित से कस्टम क्लीयरेंस व अन्य चार्ज लगने के नाम पर मोटी रकम मांगनी शुरू कर दी। कुल मिलाकर उससे 12.75 लाख रुपये ऐंठ लिए गए। मामला दर्जकर एसीपी मनीष की देखरेख में इंस्पेक्टर राजीव की टीम ने जांच शुरू की।
कई दिन की जांच के बाद खानपुर, देवली में दबिश दी और घाना के नागरिक गॉडफ्रे अप्पिया उर्फ किंग केबिन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इलाज के लिए वर्ष 2018 में भारत आया था। वीजा खत्म होने के बाद वह वापस नहीं गया और यही रहने लगा। इसने फर्जी वीजा ले लिया था। ये महिला से पुरुष बनकर व और पुरुष से महिला बनकर बात करता था और महंगा गिफ्ट भेजने के नाम पर ठगी करता था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर 100 से ज्यादा लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर चुका है।