दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने अशोक प्रधान गिरोह के शार्प शूटर प्रिंस उर्फ अमन उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया है। आरोपी संदीप उर्फ काला जठेड़ी गिरोह के सदस्य रोहित उर्फकेडी उर्फ सोनू की हत्या में वांछित था। दिल्ली पुलिस ने हत्या के इस केस में आरोपी पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा हुआ था। पुलिस ने इसके पास से .32 बोर की पिस्टल व तीन कारतूस बरामद किए हैं।
स्पेशल सेल डीसीपी प्रमोद कुशवाह के अनुसार स्पेशल सेल में तैनात इंस्पेक्टर शिव कुमार को सूचना मिली थी कि रोहित की हत्या में प्रिंस छह महीने से फरार है। इंस्पेक्टर शिव कुमार को चार जून को सूचना मिली थी कि प्रिंस नवोदय स्कूल, मुंगेशपुर कुतुब रोड पर आएगा।
एसीपी अत्तर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर शिवकुमार, कर्मवीर सिंह, पवन व एसआई राजेश कुमार की टीम ने घेराबंदी की और आरोपी कटेवरा गांव दिल्ली निवासी प्रिंस(23) को पकड़ लिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अभिषेक उर्फ शेखू और राजेश उर्फ इमरान के साथ अशोक प्रधान गिरोह का सदस्य है। अशोक प्रधान गिरोह की काला जठेड़ी गिरोह से रंजिश है।
अभिषेक की काला जठेड़ी गिरोह के प्रियावृत से रंजिश है। इन लोगों ने प्रियवृत उर्फकाला के घर पर जनवरी, 20 में धमकाने के लिए फायरिंग की थी। इनको लगता था कि उनके बारे में रोहित संदीप को सारी सूचनाएं देता है। इस कारण उसने साथी अभिषेक उर्फ शेखू, संजय उर्फमंडू और अंधा के साथ मिलकर दो बाइक पर गए और 26 दिसंबर, कटेवरा गांव के खेतों में रोहित की हत्या कर दी थी।
रोहित की हत्या से प्रियवृत व काला जठेड़ी का खून खोल गया और रोहित की हत्या का बदला लेने के लिए इन लोगों ने छह मार्च को शशी कादयान की कटेवरा गांव में गोली मारकर हत्या कर दी थी। शशी अभिषेक और इमरान का नजदीक साथी और अशोक प्रधान गिरोह का सदस्य था। अन्य केस में प्रियवृत ने गांव लिबासपुर, सोनीपत, हरियाणा में धोले की पिछले वर्ष हत्या कर दी थी। काला जठेड़ी व लारेंस विश्नोई के इशारे पर ये हत्या की गई थी।