मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत 33 लाख मामलों में से करीब 29.50 लाख का निपटारा हो चुका है। शेष मामलों में दस्तावेज का सत्यापन जारी है। दावा-आपत्ति अवधि शुरू होने के बाद 2,50,754 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। प्रारूप सूची प्रकाशित होने से पहले भी 2,12,400 फॉर्म-6 मिले थे। इन आवेदनों का निपटारा 30 नवंबर तक किया जाएगा। निर्वाचन कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि आवेदन जमा करना ही नाम जुड़ने की अंतिम पुष्टि नहीं है। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच की जाएगी।
मतदाता अपने दावे और आपत्तियां वोटर सर्विस पोर्टल या ईसीआईनेट मोबाइल एप के माध्यम से दर्ज करा सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन बूथ लेवल अधिकारी, सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी और निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी के पास जमा किए जा सकते हैं। सहायता के लिए जिला और विधानसभा क्षेत्र स्तर पर बनाए गए हेल्प डेस्क अथवा 1950 हेल्पलाइन से संपर्क किया जा सकता है। निर्वाचन कार्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी मतदाता का नाम प्रारूप सूची से हटाने से पहले उसे सुनवाई का उचित अवसर देना होगा।