कृषि भवन और शास्त्री भवन में सोमवार को शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इससे दोनों ही जगह कुछ समय के लिए मामूली भगदड़ सी मच गई थी। दोनों ही जगह एसी के तारों में शॉर्ट सर्किट से मामूली आग लगी थी। आग से किसी के घायल होने या अन्य क्षति का समाचार नहीं है। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने समय पर पहुंचकर आग पर तुरंत काबू पा लिया। नई दिल्ली जिले की संसद मार्ग थाना पुलिस जांच कर रही है।
नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शास्त्री भवन में आग लगने की सूचना दोपहर 1:12 बजे मिली। आग तीसरी मंजिल पर लगे एसी के तारों में लगी। इस मामूली आग पर फायर ब्रिगेड की एक ही गाड़ी ने काबू पा लिया। उधर, कृषि भवन में आग लगने की सूचना सोमवार शाम करीब 5:35 बजे मिली थी। आग ग्राउंड फ्लोर पर एसी के तारों में शॉर्ट सर्किट होने की वजह से लगी थी। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर इस पर काबू पा लिया। आग से कृषि भवन में लोगों में मामूली सी भगदड़ मच गई थी।