मौसम विभाग का अनुमान है कि कमोबेश यह स्थिति अगले कुछ दिनों तक बनी रह सकती है। इससे वाहन चालकों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रविवार को सबुह से ही स्मॉग की चादर छाई नजर आई, दोपहर में धूप निकलने के बाद भी इससे कोई राहत नहीं मिली। यही नहीं शाम को स्थिति और गंभीर हो गई। ऐसे में लोगों को आंखों में जलन, सांस लेने में दिक्कत व गले में खराश होने लगी है।
डिसिजन स्पोर्ट सिस्टम (डीएसएस) के मुताबिक हवा में ट्रांसपोर्ट से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी 15.842 फीसदी, कूड़ा जलने से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी 1.5 फीसदी रही। जबकि, शनिवार को पराली के धुएं की हिस्सेदारी 25.107 फीसदी रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदूषकों के प्रभावी फैलाव के लिए मौसम संबंधी परिस्थितियां प्रतिकूल हैं। वेंटिलेशन इंडेक्स 7200 घनमीटर प्रति सेकंड रही। 24 घंटे के भीतर वेंटिलेशन इंडेक्स 16200 घनमीटर प्रति सेकंड रहने का अनुमान है।
बुधवार तक खतरनाक श्रेणी में पहुंच सकती है हवा
सीपीसीबी के मुताबिक आनंद विहार, शादीपुर, बवाना समेत 14 इलाकों में एक्यूआई अति गंभीर श्रेणी में रहा। जबकि, मुंडका, नेहरू नगर समेत आठ इलाकों में हवा गंभीर श्रेणी व डीटीयू, लोधी रोड समेत तीन इलाकों में हवा बेहद खराब श्रेणी में दर्ज की गई। भारतीय उष्णदेशीय मौसम भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक रविवार को हवाएं उत्तर-पश्चिम से उत्तर दिशा की ओर से चली। इस दौरान हवा की गति 18 से 24 किलोमीटर प्रतिघंटे से रही। सोमवार को हवाएं उत्तर-पूर्व दिशा से चलने का अनुमान है। इस दौरान हवा की गति छह से 12 किलोमीटर प्रतिघंटे से चलेंगी। वहीं, सुबह के समय धुंध के साथ कोहरा छाए रहने की आशंका है। वहीं, मंगलवार को हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर से चलेंगी। हवा की चाल 12 से 14 किलोमीटर प्रतिघंटे रहने का अनुमान है।
एनसीआर में दिल्ली के बाद ग्रेटर नोएडा रहा सबसे प्रदूषित
सीपीसीबी के अनुसार एनसीआर में दिल्ली के बाद ग्रेटर नोएडा का सबसे अधिक वायु गुणवत्ता सूचकांक दर्ज किया गया। यहां एक्यूआई 362 रहा, जोकि बेहद खराब श्रेणी है। वहीं, फरीदाबाद में 275, गाजियाबाद में 362, नोएडा में 316 व गुरुग्राम में 310 एक्यूआई दर्ज किया गया।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों में अधिकतम एक्यूआई दर्ज
-बवाना - 476
-मुंडका - 469
-शादीपुर - 468
-द्वारका सेक्टर-8 - 467
-आनंद विहार - 466
-जहांगीरपुरी - 464
-आया नगर - 456
(नोट : यह सभी आंकड़े सीपीसीबी के मुताबिक)