रोहिणी कोर्ट बार एसोसिएशन ने एक अधिवक्ता के साथ कथित बदसलूकी और मारपीट के विरोध में सोमवार को जिला अदालत परिसर में न्यायिक कार्यों से पूर्ण रूप से विरत रहने का आह्वान किया है। एसोसिएशन ने कहा है कि इस दिन किसी भी जिले के पुलिसकर्मी को कोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
विज्ञापन
तीन अक्तूबर को जारी नोटिस में बार अध्यक्ष राजीव तेहरान और मानद सचिव परदीप खत्री ने बताया कि 29 सितंबर को महेंद्र पार्क थाने में अधिवक्ता कमलदीप के साथ बदसलूकी और मारपीट की गई। मामले को लेकर कार्यकारिणी समिति ने संयुक्त पुलिस आयुक्त, डीसीपी (उत्तर-पश्चिम) और प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश से मुलाकात की थी। डीसीपी ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था।
एसोसिएशन का आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय बाद में अधिवक्ता कमलदीप के खिलाफ ही मामला दर्ज कर दिया गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने समिति को इसकी जानकारी भी नहीं दी। बार ने इसे पुलिस की मनमानी के साथ-साथ आश्वासन पर किए गए भरोसे का गंभीर उल्लंघन बताया।