दिल्ली की प्रगति मैदान टनल को बंद कर दिया गया है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, पानी भरने से टनल को रविवार को ही बंद कर दिया गया था। पुलिस ने वाहन चालकों को रिंग रोड से आईटीओ या फिर भैरो मार्ग होकर इंडिया गेट और नई दिल्ली आने की सलाह दी है।
देश की राजधानी दिल्ली में रविवार को हुई दिनभर की बारिश से जलभराव हो गया। इसके अलावा मिंटो ब्रिज, तिलक ब्रिज, आईटीओ, एम्स, प्रगति मैदान, पुल प्रहलादपुर समेत सभी अंडरपास जलभराव में डूबे रहे। बारिश से रविवार को नई दिल्ली में हर जगह पानी भर गया था।
विज्ञापन
प्रगति मैदान की पार्किंग में भी काफी मात्रा में जलभराव हो गया। पीडब्ल्यूडी ने प्रगति मैदान पार्किंग में भरे पानी को प्रगति मैदान टनल में निकाला है, जिससे प्रगति मैदान टनल में काफी पानी भर गया है। इस कारण रविवार से ही प्रगति मैदान को यातायात के लिए बंद कर दिया गया।
अभी तक यह तय नहीं हुआ है कि प्रगति मैदान टनल को कब खोला जाएगा। टनल दो से तीन दिन बंद रह सकती है। पीडब्ल्यूडी अधिकारी टनल से पानी और कीचड़ को निकालने में लगे हुए हैं। इसके अलावा रविवार को दोपहर बाद मिंटो ब्रिज को बंद करना पड़ा। यहां के ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर डायवर्ट कर दिया गया।
विज्ञापन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, पानी भरने से टनल को रविवार को ही बंद कर दिया गया था। पुलिस ने वाहन चालकों को रिंग रोड से आईटीओ या फिर भैरो मार्ग होकर इंडिया गेट और नई दिल्ली आने की सलाह दी है।
दिल्ली-एनसीआर में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश व मौसम विभाग की चेतावनियों को देखते हुए दिल्ली सरकार ने सोमवार को एमसीडी, सरकारी व निजी स्कूलों को बंद रखने के आदेश दिए हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि दो दिनों से हो रही बारिश को ध्यान में रखते हुए सभी स्कूलों को एक दिन के लिए बंद किया गया है। सोमवार को मौसम के हालात देखने के बाद ही स्कूल खोलने संबंधित निर्णय लिया जाएगा।
वहीं, शिक्षा मंत्री आतिशी ने भी शिक्षा निदेशालय को निर्देश दिए हैं। उन्होंने बारिश की स्थिति को देखते हुए सभी क्षेत्रीय शिक्षा निदेशक, उप शिक्षा निदेशक, डिस्ट्रिक्ट-जोन, प्रिंसिपल व वाईस-प्रिंसिपल को स्कूलों का निरीक्षण करने का आदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि स्कूल खुलने से पहले कोई भी ऐसी कमी न रह जाए जो किसी भी तरह से स्कूली बच्चों की सुरक्षा में खतरा पैदा करे। स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर सभी स्कूलों का भौतिक निरीक्षण करवाया जा रहा है। आतिशी ने शिक्षा सचिव से कहा है कि स्कूलों में सुरक्षा से संबंधित रिपोर्ट तैयार करें।
दिल्ली में लगातार हो रही बारिश के कारण कुछ सड़कें जलजमाव, गिरे हुए पेड़ों और गड्ढों से प्रभावित हुई हैं। यात्रियों को तदनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने और अपनी सुविधा के लिए इन हिस्सों से बचने की सलाह दी गई।