कई राज्यों में कारोबारियों को बनाया निशाना
पिछले कुछ साल में नंदू गैंग ने रंगदारी वसूलने के लिए दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में कारोबारियों को निशाना बनाया। द्वारका, उत्तम नगर, बिंदापुर, काकरोला, मोहन गार्डन समेत कई जगहों पर फायरिंग कर कारोबारी वर्ग में खौफ फैलाया गया। खासकर 2021 से 2024 के बीच गाडिय़ोंं में सवार शूटरों ने जेडीएम बिल्डर्स, गगन भारती स्कूल, तिलक नगर की मिठाई की दुकान और संपत्ति विवाद वाले कई ठिकानों पर गोलियां बरसाईं। पंचकुला में प्रतिद्वंद्वी गैंग के तीन सदस्यों की हत्या तक कर दी गई।
पुलिस की गहरी जांच नौ बड़े गुर्गे दबोचे, संपत्तियों पर शिकंजा
उपायुक्त हर्ष इंदौरा व अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मंगेश कश्यप की देखरेख में पुलिस टीमों ने महीनों तक गिरोह के नेटवर्क, पैसों के स्रोत और शूटर्स की पहचान पर काम किया। अब तक रितिक उर्फ पीटर, रोहित शर्मा उर्फ अन्ना, सचिन चिक्कारा, ज्योति प्रकाश उर्फ बाबा, विजय गहलोत, साहिल उर्फ पोली, विकास गहलोत, अमरदीप लोचाब समेत नौ प्रमुख दस्यों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। ये सभी हत्या, रंगदारी और हथियारबंद हमलों के कई मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस ने इनके ठिकानों से अवैध पिस्टल, लाखों की नकदी और उगाही के पैसे के लेन-देन के सुबूत भी जब्त किए हैं।
राजनीतिक कनेक्शन भी उजागर
जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह को स्थानीय स्तर पर कुछ प्रभावशाली लोगों का सहयोग मिला। नजफगढ़ और द्वारका इलाके में प्रॉपर्टी विवाद सुलझाने के नाम पर पैसे वसूलने में कुछ नेताओं की भूमिका भी जांच के दायरे में है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक ऑडियो क्लिप ने भी इस नेटवर्क की पोल खोली है।
आर्थिक जाल और विदेशी ठिकाना
पुलिस की जांच से पता चला है कि गिरोह ने रंगदारी, जमीन विवाद सुलझाने और कारोबारी वर्ग को धमकाकर करोड़ों रुपये कमाए। यह पैसा हवाला के जरिए बाहर भेजा गया और हथियार व शूटरों की देखरेख में खर्च हुआ। कपिल सांगवान उर्फ नंदू फिलहाल ब्रिटेन में छिपा है और वहीं से अपने गुर्गों को मोबाइल व इंटरनेट कॉलिंग एप्स से निर्देश देता है।
यह कार्रवाई संगठित अपराध के खिलाफ बड़ा कदम है। मकोका के तहत केस दर्ज होने से गिरोह की आर्थिक कमर तोडऩे में मदद मिलेगी। पुलिस अब नंदू के विदेश में जमा संपत्तियों का भी पता लगा रही है ताकि उसके नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जा सके।
ये भी पढ़ें: 'संघ को कुचलने के प्रयास हुए, साजिशें हुईं, पर...': शताब्दी समारोह में PM मोदी ने गिनाईं RSS की उपलब्धियां