फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसआई हत्या का मामला: पत्नी का आरोप, पुलिस हत्या की वारदात को हार्ट अटैक साबित करने में लगी

Wed, 22 May 2019 06:10 AM IST
देव कश्यप न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विवेक विहार इलाके में नशे का धंधा और सट्टा चलाने वालों के खिलाफ आवाज उठाने वाले दिल्ली पुलिस के एसआई राजकुमार के परिवार ने उनकी मौत की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। परिवार का आरोप है कि पुलिस अपनी साख बचाने के लिए हत्या की इस वारदात को हार्ट अटैक से मौत का रंग देने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने भले ही मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया हो, लेकिन जब हार्ट अटैक की बात आएगी तो आरोपी छूट जाएगा। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनका पुलिस महकमे से विश्वास  उठ गया है। परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से सोमवार शाम सुरक्षा की भी मांग की थी, लेकिन उस पर भी कोई सुनवाई नही हुई।

विज्ञापन


एसआई राजकुमार की बेटी रजनी ने बताया कि उनके पिता को जान का खतरा था। शराब और सट्टे का काम करने वाले लोग हमेशा धमकी देते थे। कुछ दिनों पूर्व शराब का धंधा करने वाली कुछ महिलाओं ने मारने की धमकी दी थी। परिवार ने हत्या की साजिश के लिए कई लोगों का नाम लिखवाया था, लेकिन पुलिस ने बस विजय उर्फ भूरी को गिरफ्तार किया है, बाकी आरोपियों का एफआईआर में जिक्र तक नही है। ऐसे में परिवार को अपनी जान की चिंता सता रही है। आरोपियों से खतरे को देखते हुए राजकुमार की छोटी बेटी वैशाली विवेक विहार थाने गई थी। वहां उसने लिखित में सुरक्षा की मांग का पत्र वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को सौंपा था, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी उनकी अपील पर सुनवाई नही हुई।

प्रतिष्ठा बचाने के लिए की गिरफ्तारी
राजकुमार की पत्नी शशिबाला ने पुलिस अधिकारियों पर आरोप लगाया कि अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन शाम होते-होते  उनके सुर बदल गए। वह कहने लगे कि पिटाई से राजकुमार की मौत नही हुई, बल्कि हार्ट अटैक से हुई है। ऐसे में पुलिस जल्द ही एफआईआर से हत्या की धारा हटाकर केस को हल्का कर सकती है। परिवार का आरोप है कि नशे का सौदा करने वाले आरोपी पुलिस को मोटा पैसा पहुंचाते हैं, जिसकी वजह से पुलिस उनका पक्ष ले रही है, जबकि राजकुमार उनके खिलाफ आवाज उठाते थे तो उनकी हत्या कर दी गई। सूत्रों का कहना है कि प्रारंभिक रिपोर्ट के  आधार पर राजकुमार की मौत हार्ट अटैक से हुई है, उनके शरीर पर चोट के निशान भी थे। हालांकि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट की डिटेल आने के बाद ही चल पाएगा। 

विज्ञापन
विज्ञापन

महिला आयोग ने पुलिस को दिया नोटिस, 24 तक मांगा जवाब

दिल्ली महिला आयोग ने नशा कारोबारियों द्वारा सब इंस्पेक्टर राजकुमार की हत्या के मामले में मंगलवार को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया। आयोग ने घटनास्थल वाले इलाके में नशे और जुआखोरी के कारोबार को रोकने के लिए तुरंत कड़े कदम उठाने को कहा है।

आयोग ने कहा है कि वह इस घटना के बाद वहां रहने वाली महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर चिंता में है। आयोग ने इस मामले से जुड़ी सभी जानकारियां मांगी हैं। एफआईआर की कॉपी, आरोपी के खिलाफ दर्ज पुराने मामलों और मृतक द्वारा उसके खिलाफ दर्ज करवाई गई शिकायतों के बारे में भी पूछा है। महिला आयोग ने सब इंस्पेक्टर राजकुमार के परिवार को दिए जाने वाले मुआवजे पर भी सवाल किया है। आयोग ने इन सभी सवालों के जवाब देने के लिए दिल्ली पुलिस को 24 मई तक का समय दिया है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें