काफी समय से थी सुरक्षा एजेंसियों की उमर पर नजर
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय खुफिया एजेंसियां आरोपी की ऑनलाइन गतिविधियों पर काफी समय से नजर रख रही थीं। इनपुट पुख्ता होने के बाद उसे स्पेशल सेल ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी व्हाट्सएप, टेलीग्राम और इंस्टाग्राम पर उमर नाम से सक्रिय था। वह सोशल मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित लोगों के संपर्क में था। आरोप है कि वह दूसरे युवाओं को भी अपने प्रभाव में लेकर आतंकी संगठन से जोड़ने का प्रयास कर रहा था।
मोबाइल में कोडनेम से सेव थे नंबर
आरोपी के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों को कब्जे में लेकर जांच के लिए भेजा गया है। शुरुआती पड़ताल में मोबाइल में पाकिस्तान में बैठे कथित हैंडलर्स के नंबर मिले हैं। ये नंबर बॉस, जट्ट साहब और डॉक्टर जैसे नामों से सेव किए गए थे। एजेंसियों को आशंका है कि इन हैंडलर्स के निर्देश पर दिल्ली, गुजरात समेत देश के दूसरे हिस्सों में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश रची जा रही थी। हालांकि, आरोपी से टारगेट के बारे में पूछताछ की जा रही है।
वडोदरा मॉड्यूल से संपर्क की जांच
स्पेशल सेल गुजरात एटीएस के साथ मिलकर मामले की जांच कर रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दिल्ली से गिरफ्तार संदिग्ध का वडोदरा से पकड़े गए जैश के संदिग्ध मोहम्मद सहरुल इस्लाम से कोई सीधा संपर्क था या नहीं। गुजरात एटीएस ने हाल ही में वडोदरा से सहरुल इस्लाम को गिरफ्तार किया था। उसके कब्जे से एक एके-47 राइफल और 23 कारतूस बरामद किए गए थे। जांच एजेंसियां आरोपी के बैंक खातों, संदिग्ध लेन-देन और डिजिटल संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं। साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों में उसके संपर्क में रहे लोगों और संभावित स्लीपर सेल नेटवर्क की पहचान करने के लिए छापेमारी की जा रही है।