दिल्ली पुलिस ने गणतंत्र दिवस से पहले बड़ी घटना को अंजाम देने की पाकिस्तानी साजिश का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान के अंडरवर्ल्ड सरगना रसूल खान उर्फ पट्टी के तीन शार्प शूटर दबोचे हैं, जो गणतंत्र दिवस से पहले दक्षिण भारत के दो बड़े नेताओं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएएस) के पदाधिकारियों की हत्या करने वाले थे।
स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि आईएसआई से संबंध रखने वाला रसूल खान पाकिस्तान में छिपे भगोड़े भारतीय गैंगस्टर दाऊद इब्राहीम के भी करीबियों में शामिल है। रसूल खान ने ही 2003 में गुजरात के पूर्व गृह मंत्री हरेन पांड्या की हत्या की साजिश भी रची थी। उन्होंने बताया कि पुलिस के हत्थे चढ़ने वालों में अफगानिस्तान के मजार-ए-शरीफ का रहने वाला वली मोहम्मद सैफी (45), ओडिशा निवासी शेख रियाजुद्दीन उर्फ राजा उर्फ आलामी (32) और केरल निवासी मुहत्सिम सीएम उर्फ तस्लीम (41) शामिल हैं।
दुबई के रास्ते पहुंचे भारत
कुशवाहा ने बताया कि वली मोहम्मद सैफी और तस्लीम को दुबई से भारत भेजा गया था, जबकि रियाजुद्दीन दिल्ली में ही रहता था। स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त ने बताया कि दक्षिण भारत के एक संदिग्ध व्यक्ति और रसूल खान की बातचीत इंटरसेप्ट की गई। दोनों की बातचीत के आधार पर 11 जनवरी को वली और रियाजुद्दीन को दक्षिण दिल्ली के साकेत से दबोचकर दो पिस्टल व छह कारतूस बरामद किए गए। बाद में केरल पुलिस की मदद से कसारागौड इलाके से तस्लीम को पकड़ा गया।