मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया शनिवार को मीनाक्षी के परिजनों से मिले और पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की। आनंद पर्वत पहुंचे मुख्यमंत्री ने इस मामले में निष्पक्षता के साथ जांच का आश्वासन दिया।
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मीनाक्षी का चाकू से गोदकर किया गया कत्ल दिल दहलाने वाला है। दिल्ली में कानून व्यवस्था हर दिन बिगड़ती जा रही है।
उन्होंने इस मामले में केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली पुलिस सीधे प्रधानमंत्री के अधीन है। प्रधानमंत्री समय निकालकर दिल्ली पर भी थोड़ा ध्यान दें। या तो वो कुछ करें और नहीं तो दिल्ली पुलिस को दिल्ली सरकार को सौंपे। हम उन्हें ठीक कर देंगे।
पुरी तरह नाकाम है पुलिस
उन्होंने कहा कि इस मामले में अपेक्षित कार्रवाई न हुई तो सोमवार को पुलिस कमिश्नर भीमसेन बस्सी को भी समन करूंगा। पुलिस कमिश्नर से मिलकर मीनाक्षी मामला ही नहीं दिल्ली में गिरते कानून व्यवस्था को लेकर भी चर्चा करेंगे।
आनंद पर्वत में युवती की हत्या के मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली पुलिस के बहाने केंद्र सरकार पर हमला बोला है। पार्टी ने कहा कि दिल्ली में कानून व्यवस्था लचर हो चुकी है।
केंद्र सरकार के अंतर्गत आने वाली दिल्ली पुलिस इसमें पूरी तरह से नाकाम है। दिल्ली पुलिस जिस तरह से केंद्र सरकार के इशारे पर सक्रियता से काम करती है, उसी तरह उसे आपराधिक मामलों में भी डील करना चाहिए।
केंद्र के इशारों पर काम करती है पुलिस
आप के दिल्ली संयोजक दिलीप पांडेय ने पत्रकार वार्ता में कहा कि राजधानी में बीते कुछ समय से आपराधिक वारदातों में इजाफा हुआ है। महिलाओं के प्रति अपराध बढ़ा है।
यही नहीं बीते एक सप्ताह में ऐसे भी मामले सामने आए है, जिसमें खुद पुलिसकर्मियों ने महिलाओं के साथ आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया। केंद्र सरकार सिर्फ नंबरों से खेल रही है।
फिर वह किसानों की आत्महत्या का मामला हो या दिल्ली में आपराधिक वारदातें। उसे नंबर के आधार पर कम करने की कोशिश कर रही है। मगर बीते कुछ समय में इसमें तेजी से इजाफा हुआ है।
वर्ष 2014 में रेप के मामलों में 25 फीसदी और महिलाओं के खिलाफ अपराध में 18 फीसदी का इजाफा हुआ। दिल्ली पुलिस सिर्फ केंद्र सरकार के इशारों पर राजनीति से प्रेरित होकर काम कर रही है, जबकि पुलिस को लॉ एंड ऑर्डर पर काम करना चाहिए।