एसटीएफ पश्चिमी उत्तर प्रदेश की टीम ने शनिवार शाम को मुकीम काला गिरोह के शूटर और 50 हजार के इनामी बदमाश हैदर व उसके भाई को मुठभेड़ के बाद गाजियाबाद के लोनी से गिरफ्तार कर लिया।
टीम ने हैदर की कार से दिल्ली पुलिस की वर्दी बरामद की है। उसकी कार पर दिल्ली पुलिस का स्टीकर चस्पा था। एसटीएफ सीओ राजकुमार मिश्रा ने बताया कि शनिवार शाम गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद हैदर निवासी सहारनपुर को गिरफ्तार किया गया है।
हैदर पर हत्या, रंगदारी, लूट समेत 20 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। हैदर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अपराधी मुकीम काला गिरोह का सक्रिय सदस्य था। मुकीम गिरोह के साथ मिलकर उसने कई बड़ी लूटों को अंजाम दिया। मुखबिरी के शक में हैदर और मुकीम काला में रंजिश हो गई। 12 मार्च 2014 को हैदर के पिता और चाचा की हत्या मुकीम काला, सादर तितरो आदि ने 22 गोलियां मारकर कर दी थी।