दिल्ली के झड़ौदा कलां स्थित पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में गुरुवार को दीक्षांत परेड समारोह का आयोजन हुआ। उपराज्यपाल अनिल बैजल ने परेड की सलामी ली। कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस आयुक्त अमूल्य पटनायक भी मौजूद रहे। अन्य वर्षों की तरह इस साल भी दिल्ली पुलिस में बड़ी संख्या में उच्च शिक्षा प्राप्त किए युवकों की भर्ती हुई है।
सिपाही के 2803 पदों में 51 बीटेक, चार एमबीए, तीन एमटेक, 116 एमए किए हुए हैं। इसी तरह हवलदार के 37 पदों पर भी ज्यादातर उच्च शिक्षा प्राप्त युवकों की भर्ती हुई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि अनिल बैजल ने प्रशिक्षण के दौरान सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को पुरस्कार प्रदान किया। एसआई रितु दांगी, हवलदार विनय कुमार, महिला सिपाही शिवानी और सिपाही राजेश को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए ट्रॉफी दी गई।
उपराज्यपाल ने कहा कि पुलिस सेवा के दौरान कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन के अतिरिक्त आतंकवाद पर काबू पाने के लिए पुलिस कर्मियों को विशेष ध्यान देना होगा। महिला, बच्चों एवं कमजोर वर्गो की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।