दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने दिल्ली पुलिस के एक सिपाही को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने महकमे के ही पुलिसकर्मियों के पैसों का गबन करने में लगा हुआ था। आरोपी को बुधवार को कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने उसे चार दिन की रिमांड पर लिया है।
ईओडब्ल्यू के डीसीपी पीके मिश्रा ने बताया कि आरोपी सिपाही गांव मुकंदपुर, तहसील बहादुरगढ़, जिला झज्जर (हरियाणा) निवासी अनिल कुमार है। वह बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय की अकाउंट ब्रांच में तैनात था। सिपाही के खिलाफ इंस्पेक्टर (प्रशासन) ने शिकायत दी थी।
उसकी शिकायत पर सिपाही के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके बाद बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त कार्यालय में छापा मारकर मंगलवार रात को उसे गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी ने बताया कि सिपाही अनिल कुमार दिल्ली पुलिसकर्मियों के एचआरए व अन्य फंड का गबन करने में लगा हुआ था।
सिपाही ने एचआरए व अन्य फंड को पत्नी व अन्य रिश्तेदारों के खाते में ट्रांसफर कर लिया था। उसने पत्नी के खाते में दिल्ली पुलिस के 24 सिपाहियों के 19.44 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए थे। डीसीपी का कहना है कि सिपाही के खिलाफ जांच की जा रही है। जांच के बाद ही पता लगेगा कि कैसे सिपाही ने फंड को अपने रिश्तेदारों के खाते में ट्रांसफर किया और कब से कर रहा था।
जांच के बाद सामने आएगा कि उसके साथ कौन-कौन मिला हुआ था। बताया जा रहा है कि महिला हवलदार समेत कुछ पुलिसकर्मी छापे के दौरान फरार हो गए थे।