उत्तर पूर्वी दिल्ली में हुई हिंसा के दौरान हेड कांस्टेबल रतनलाल की हत्या के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह बात दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता एमएस रंधावा ने गुरुवार(12 मार्च) को एक प्रेस कांफ्रेंस में बताई। रंधावा ने बताया कि दिल्ली में इस वक्त कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से सामान्य है। तमाम वरिष्ठ अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। रंधावा ने आगे बताया कि दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल की मौत के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि हम घटना की सभी फुटेज का विश्लेषण कर रहे हैं। लोगों को पहचानने के लिए फेस रिकॉग्निशन तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा कई लोग अपने बयान दर्ज कराने के लिए भी सामने आए हैं। एसआईटी और एलओसी पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अबतक कुल 712 एफआईआर दर्ज किए जा चुके हैं, साथ ही 200 आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो गई है। उन्होंने बताया कि कई ऐसे वीडियो हमारे हाथ लगे हैं जिनसे जांच में मदद मिलेगी।