स्वतंत्रता दिवस को लेकर गस्त करते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
राजधानी में स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा को लेकर दिल्ली पुलिस चौकस हो गई है। तमाम सुरक्षा उपायों को लेकर दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी लोगों के साथ बैठक कर रहे हैं। साथ ही इलाके में गश्त कर सुरक्षा से जुड़ी तमाम कमियों को दूर करने का प्रयास कर रहे हैं।
दिल्ली में सुरक्षा बंदोबस्त को पुख्ता करने के लिए शनिवार को स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर संजय सिंह ने लोगों के साथ बैठक की। बैठक में पुलिस की ओर से मध्य परिक्षेत्र के संयुक्त आयुक्त राजेश खुराना, मध्य व उत्तरी जिला के पुलिस उपायुक्त एमएस रंधावा, नूपुर प्रसाद व दोनों जिलों के सभी थाना प्रभारी के अलावा आरडब्ल्यूए, एमडब्ल्यूए, सिविल डिफेंस के पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में खास तौर पर पुलिस की आंख और कान कहे जाने वाले प्रहरी भी शामिल हुए। इस अवसर पर स्पेशल सीपी ने किराएदार, वाहन तलाशी व अन्य मामलों में पुलिस को सहयोग करने की अपील की। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बम निरोधक दस्ता सभी जगहों की तलाशी ले रहे हैं। ऐसे में लोगों को हरसंभव उनकी मदद करनी चाहिए।
इसी तरह नई दिल्ली परिक्षेत्र के संयुक्त आयुक्त आनंद मोहन ने नई दिल्ली इलाके में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारी कनॉट प्लेस के पालिका बाजार समेत कई जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को परखा और पुलिस कर्मियों को दिशा निर्देश दिए। इलाके में खोजी कुत्ते से तलाशी ली गई।