दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने किराए की कोख से पैदा होने वाले बच्चों को बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर महिलाओं सहित 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इनके कब्जे से चार नवजात बरामद किए गए हैं। मामले में मुनिरका स्थित आईवीएफ क्लीनिक की भूमिका सामने आई है। आरोपी ऐसे बच्चों को भी बेचते थे जिनके माता-पिता उनको रखना नहीं चाहते थे। पता चला है कि गैंग के तार बाहरी राज्यों से जुड़े हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शाखा की टीम को सूचना मिली थी कि एक गिरोह बच्चों की खरीद-फरोख्त में लगा हुआ है। एक महिला सब-इंस्पेक्टर व हवलदार को फर्जी दंपति ग्राहक बनाकर नारायणा विहार (वेस्ट) में जहांगीर नामक व्यक्ति के पास भेजा गया।
आरोपी जहांगीर ने ग्राहक बनकर आए पुलिसकर्मियों से तीन लाख 30 हजार में एक बच्चा देने का सौदा तय कर लिया। मौके पर कार में सवार तीन महिलाएं बच्चे को देने आई। पुलिसकर्मियों ने सात माह के नवजात को लेकर जहांगीर को गिरफ्तार कर लिया।