दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने बदमाश राजू हकला को मुठभेड़ के बाद कापसहेड़ा इलाके से गिरफ्तार किया है। 25 साल पूर्व अपराध की दुनिया में कदम रखने वाले राजू हकला उर्फ श्याम सुंदर उर्फ राजू खंडेलवाल के खिलाफ दिल्ली के अलग-अलग थानों में 113 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के भी कई मामले हैं। बुधवार को हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी एक गोली चलाकर आरोपी को काबू किया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि आरोपी राजू हक्ला ने जेल में बंद पूर्व सांसद डीपी यादव पर जेल के अंदर ही हमला कर दिया था। हालांकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी इसकी पुष्टि नही कर रहे हैं।
अपराध शाखा के अतिरिक्त आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि बुधवार को सिपाही धर्मराज को सूचना मिली थी कि बदमाश राजू हकला कापसहेड़ा-बिजवासन रोड पर पुष्पांजलि फॉर्म हाउस के पास कार से आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने बुधवार रात को जाल बिछा दिया। इस बीच पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह, एसीपी सिद्धार्थ जैन और इंस्पेक्टर रिचपाल सिंह व अन्य की टीम वहां मौजूद रही।
आरोपी अपनी कार लेकर पहुंचा। पुलिस टीम को देखते ही उसने पिस्टल से गोली चला दी। हवलदार ब्रिजलाल ने एक तरफ कूदकर अपनी जान बचाई। इस बीच सिपाही धर्मराज ने हवा में गोली चला दी।
बाद में आरोपी राजू हकला को काबू कर लिया गया। उसके पास से एक पिस्टल, एक कारतूस व एक खोखे के अलावा एक कार बरामद हुई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी फिलहाल आनंद पर्वत थाने का बीसी है, इससे पूर्व वह अमन विहार थाने का बीसी रह चुका है।