दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार हौजखास थानाध्यक्ष शिवदर्शन शर्मा को एम्स ट्रामा सेंटर से 22 जनवरी को गौतम नगर निवासी ओमप्रकाश (39) की एमएलसी की रिपोर्ट मिली। ओमप्रकाश की ओम पूजा सामग्री की दुकान है। वे 21 व 22 जनवरी की रात दुकान में सोए हुए थे। रात करीब पौने तीन बजे लघुशंका के लिए दुकान से बाहर निकले।
जब वह दुकान में वापस गया और अंदर से शटर बंद किया। उस समय दुकान में अंदर दो लड़के थे। इन लड़कों ने हथौड़े व पिस्टल के बट से ओमप्रकाश के सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद बदमाश लॉकर से 16,25,000 रुपये लूटकर ले गए। ओमप्रकाश की शिकायत पर मामला दर्जकर थानाध्यक्ष शिवदर्शन शर्मा, इंस्पेक्टर भरतलाल, इंस्पेक्टर रोहित, एसआई प्रिंस व एसआई दीपेंद्र की टीम ने जांच शुरू की।
दक्षिण जिला डीसीपी चंदन चौधरी ने बताया कि जांच में पता लगा कि बदमाशों ने ग्लब्स पहनकर वारदात को अंजाम दिया है। इसके बाद पुलिस ने रूट के हिसाब से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की करीब 500 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए एसआई प्रिंस की टीम बागपत तक पहुंच गई।
पुलिस ने यहां से तीन बदमाश महरौली निवासी रवि गुदिया(27), उसके भाई आकाश गुदिया (24) और गौतम नगर निवासी गगनदीप सिंह(19) को गिरफ्तार कर लिया। रवि के खिलाफ आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। जितेंद्र उर्फ समर फरार होने में कामयाब हो गया। बागपत में इनके चाचा-ताऊ रहते हैं। वारदात के बाद ये वहां जाकर छिप गए थे।