दिल्ली पुलिस ने सोमवार को उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली में अवैध हथियारों, गोला-बारूद और मादक दवाओं का अवैध काम करने वाले सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से दिल्ली पुलिस ने पांच 32 बोर की अत्याधुनिक पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, 15 किलो अफीम और एक कार बरामद की है। दिल्ली पुलिस ने मामूली मुठभेड़ के बाद दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
स्पेशल सेल डीसीपी प्रमोद कुशवाह के अनुसार इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार त्यागी को अगस्त के पहले सप्ताह में सूचना मिली थी कि कैराना, यूपी निवासी आरिफ दिल्ली-एनसीआर में कपिल सांगवान उर्फ नंदू और विकास लागरपुरिया गिरोह को हथियार सप्लाई कर रहा है। एसीपी ललित मोहन नेगी व ह्दयभूषण की देखरेख में इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार त्यागी, एसआई विकासदीप त्यागी व राहुल खोखर की टीम ने सेक्टर-1 बवाना से मामूली मुठभेड़ के बाद कैराना, शामली यूपी निवासी आरिफ(34) व उसके साथी बुढाना, मुजफ्फरनगर यूपी निवासी मो. कुर्बान(33) को गिरफ्तार कर लिया। कार के डैसबोर्ड व बंपर के बीच बनाई गई जगह पर छिपाकर रखी गई 15 किलो अफीम बरामद की गई। अफीम नमक व रिफाइंड के पैकेट में रखी हुई थी।
आरिफ के खिलाफ कैराना व राई, सोनीपत में आर्म्स एक्ट के केस हैं, जबकि कुर्बान के खिलाफ आर्म्स एक्ट में उत्तराखंड व उत्तरप्रदेश में चार मामले दर्ज हैं। चंदन की लकड़ी की तस्करी करने का एक मामला सिलीगुड़ी, पश्चिम बंगाल में दर्ज है। आरिफ गोपालगंज, बिहार से एक पिस्टल 22 हजार में लाता था और उसे 45-50 हजार रुपये में बेचता था। जबकि ये गिरोह अफीम गोवाहटी से लाता था।