- ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा, चालक और परिचालक बस छोड़कर फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली।
बाहरी दिल्ली के नांगलोई इलाके में बृहस्पतिवार सुबह बस की टक्कर से स्कूटी सवार दिल्ली पुलिस के सहायक पुलिस उपनिरीक्षक (एएसआई) राजेश कुमार की मौत हो गई। वह नई दिल्ली जिले के मंदिर मार्ग थाने में तैनात थे और हादसे के समय ड्यूटी पर जा रहे थे। हादसे के बाद बस चालक और परिचालक मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बस जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। गंभीर रूप से घायल एएसआई को संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया और परिजनों को सूचना दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फरार चालक और परिचालक की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।