एटीएम कार्ड की अदला-बदली कर ठगी करने वाली तीन गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली की द्वारका जिला पुलिस ने मदद करने के बहाने एटीएम कार्ड की अदला-बदली कर ठगी करने वाले जीजा साले गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपियों के साथ उनके एक साथी को भी गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 113 एटीएम कार्ड, दो पेटीएम मशीन और साढ़े 23 हजार रुपये बरामद किए हैं। आरोपी कई राज्यों में वारदात अंजाम दे चुके हैं। आरोपियों में सोनू व संदीप रिश्ते में जीजा साला है। पकड़े गए तीसरे आरोपी की पहचान जानी के रूप में हुई है।
23 मार्च को एक शख्स ने नजफगढ़ थाने में ठगी की एक शिकायत की। उसने बताया कि वह एटीएम से पैसे निकाल रहा था। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उन्हें बातों में लगाकर कार्ड बदल लिया। उसके बाद आरोपियों ने उसके खाते से साढ़े दस हजार रुपये निकाल लिए। इलाके में इस तरह की ठगी के कई मामले होने की वजह से वाहन चोरी निरोधक दस्ते को मामले की जांच की जिम्मेदारी दी गई।
निरीक्षक कमलेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी फुटेज की जांचकर आरोपियों की पहचान कर ली। 29 मार्च को आरोपी के सैनिक एंक्लेव में आने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने सूचना पर वहां पहुंच कर संदीप और जानी को गिरफ्तार कर लिया।
इनके कब्जे से 26 एटीएम कार्ड और एक पेटीएम मशीन बरामद कर ली। इनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने गिरोह के सरगना सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इसके पास से साढ़े 23 हजार रुपये बरामद किए। साथ ही एक पेटीएम मशीन और 87 एटीएम कार्ड बरामद किए।