पुलिस से बचने के लिए एक शराब तस्कर ने कार के शीशे पर पुलिस का स्टीकर लगा लिया, लेकिन उसकी यह तरकीब भी काम नहीं आई। काले रंग के शीशे वाली कार को देखकर पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। चालक कार छोड़कर भागने का प्रयास करने लगा, परंतु उसे दबोच लिया गया। कार से बड़ी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। बिंदापुर थाना पुलिस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।
मंगलवार रात बिंदापुर थाने में तैनात एएसआई महिपाल सिंह, हवलदार राज सिंह और सिपाही बाबू राम इलाके में गश्त कर रहे थे। पुराना पंखा रोड के पास काले शीशे वाली आई-10 कार आती हुई दिखी, जिस पर पुलिस का स्टीकर लगा था। पुलिसकर्मियों को कार पर शक हुआ तो चालक को रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देखकर चालक कार से उतरकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने आरोपी दबोच लिया। उसकी पहचान लोहारहेड़ी झज्जर (हरियाणा) निवासी जोशी के रूप में हुई।
कार की पिछली सीट और डिग्गी से 28 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। आरोपी ने बताया कि वह बहादुरगढ़ से अवैध शराब लाकर दिल्ली में सप्लाई करता है। इससे पहले भी पुलिस उसे एक बार पकड़ चुकी है। खुद को पुलिस की चेकिंग से बचाने के लिए कार के शीशे पर पुलिस का स्टीकर लगाया था।