भाजपा नेता गजेंद्र भाटी की हत्या के आरोप में दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के नार्थन रेंज ने वॉन्टेड क्रिमिनल राजकुमार उर्फ राजू पहलवान को गिरफ्तार कर लिया है।
Delhi Police's Special Cell Northern Range arrested wanted criminal for murder of BJP leader Gajender Bhati on Sept 2 pic.twitter.com/PlPRTPyqgU
— ANI (@ANI) September 21, 2017
बुधवार को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नोएडा पुलिस के साथ मिलकर भाजपा नेता की दिनदहाड़े हत्या करने वाले सुपारी किलर राजकुमार उर्फ राजू पहलवान को गिरफ्तार किया है। साहिबाबाद के पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने भाजपा नेता की हत्या की सुपारी दी थी। आरोपी राजकुमार अंतर्राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी रह चुका है और वर्ष 2007 में श्रीलंका में हुई एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड जीत चुका है।
स्पेशल सेल डीसीपी संजीव कुमार यादव के अनुसार, दो सितंबर, 2017 को भाजपा नेता गजेंद्र भाटी उर्फ गज्जी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उसका साथी बलवीर चौहान घायल हो गया था। यूपी पुलिस ने हत्यारोपियों में से एक नरेंद्र उर्फ फौजी को 11 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया था। नरेंद्र ने बताया था कि भाजपा नेता की हत्या उसने साथी लोनी, गाजियाबाद निवासी राजकुमार सिंह उर्फ राजू पहलवान के साथ मिलकर की थी।
ये भी पढ़ें- भाजपा विधायक मर्डर मामले में पूर्व विधायक के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
हत्या के लिए साहिबाबाद के पूर्व विधायक अमरपाल शर्मा ने दस लाख रुपये की सुपारी दी थी और 50 हजार रुपये एडवांस दिए थे। इंस्पेक्टर संजय नागपाल व पंकज कुमार की टीम को 20 सितंबर को सूचना मिली कि राजू पहलवान सिरसपुर, बाहरी दिल्ली में देखा गया है।
स्पेशल सेल में तैनात एसआई नीरज कुमार, एसआई बिजेंद्र, हरी व नोएडा पुलिस के एसआई गजे सिंह व अंजनी ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की और गुरुद्वारा बस स्टॉप, जीटी करनाल रोड, सिरसपुर से राजू पहलवान (33) को पकड़ लिया। आरोपी ने बताया कि उसने लोनी, गाजियाबाद के एक शोरूम व मॉल मालिक की हत्या की सुपारी आठ लाख रुपये में ली थी।