चंद पैसे की लालच में ट्रक मालिक दिहाड़ी मजदूरों का राजधानी से पलायन करवाने की कोशिश जुटे हैं। ट्रक मालिक झुग्गियों में जाकर वहां रह रहे दिहाड़ी मजदूरों को यूपी और बिहार भेजने का प्रलोभन देकर उनसे रुपये ऐंठ रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने ऐसे दो ट्रक मालिकों को गिरफ्तार कर इस साजिश का खुलासा किया है।
लॉक डाउन की वजह से किसी को भी दिल्ली से बाहर जाने की अनुमति नहीं है। राजधानी में रह रहे दिहाड़ी मजदूर के पास कोई काम नहीं होने की वजह से वह यूपी, बिहार स्थित अपने गांव जाना चाहते हैं। लेकिन बसों व ट्रेनों के बंद होने की वजह से वह ऐसा नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे दिहाड़ी मजदूरों को ट्रक मालिक अपने जाल में फंसाने का प्रयास करना शुरू कर दिया है। उन्हें यूपी, बिहार भेजने का प्रलोभन देकर उनसे रुपये ऐठ रहे हैं।
इस बात की जानकारी मिलने के बाद सादी वर्दी में पुलिसकर्मी झुग्गी इलाके में निगरानी बढ़ा दी। पंजाबी बाग के शकूरबस्ती स्थित झुग्गी में दो अलग अलग जगहों से पुलिस ने दो ट्रक मालिकों को गिरफ्तार किया, जो मजदूरों से 25 सौ रुपये प्रति व्यक्ति लेकर उन्हें उनके गांव पहुंचाने का झांसा दे रहे थे। ट्रक मालिकों की पहचान फयाज और फिरोज के रूप में हुई है।
पूछताछ में इन्होंने बताया कि उन्हें भी फिलहाल कोई काम नहीं मिल रहा है। थोड़े से रुपये की लालच में आकर वह मजदूरों को उनके गांव भेजने की बात कहकर उनसे रुपये उगाही कर रहे थे। दोनों ने बताया कि वह किसी तरह से इन मजदूरों को दिल्ली के बार्डर से बाहर तक छोड़ देते। पुलिस ट्रक मालिकों के खिलाफ सरकारी आदेश का उल्लंघन का मामला दर्ज कर जांच में जुटी है।