दक्षिण जिला पुलिस ने घर में घुसकर हथियारों के बल पर दिनदहाड़े लूटपाट करने वाले छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी कोरियर बॉय बनकर घर में घुसते थे और फिर हथियारों के बल पर पीड़ित परिवार को बंधक बना लेते थे।
आरोपी पुलिस से बचने के ग्लब व मास्क आदि का इस्तेमाल करते थे और एक-दूसरे से कोड वर्ड में बात करते थे। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्टल, दो स्कूटी, चोरी की मोटरसाइकिल, 75 हजार रुपये व ज्वेलरी बरामद की है। एक आरोपी पीड़ित के यहां ड्राइवर रह चुका है।
दक्षिण जिला डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि सैदुल्लाजॉब नेब सराय में रहने वाली पीड़ित महिला ने नौ दिसंबर को शिकायत दी थी कि छह-सात युवक कोरियर बॉय बनकर घर में घुस गए। आरोपियों ने मास्क व ग्लब पहन रखे थे। आरोपियों ने हथियारों के बल पर परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया था और घर से चार लाख रुपये, सोने, डायमंड व चांदी(ढाई किलो) की ज्वेलरी लूटकर ले गए थे। साथ में सीसीटीवी कैमरों को डीवीआर भी ले गए थे।
मामला दर्जकर अचिन गर्ग, स्पेशल स्टाफ प्रभारी गिरीश कुमार व इंस्पेक्टर पीके झा की विशेष टीम बनाई गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया गया तो बदमाशों की स्कूटी व मोटरसाइकिल दिखाई दी। मगर उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थी। जिस तरह बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया उससे लग रहा था कि बदमाशों में कोई पीड़ित का जानकार है।
इस टीम ने करीब 25 किमी तक सीसीटीवी खंगालने के बाद निजामुद्दीन निवासी अरमान(28) नाम के बदमाश को दबोच लिया। इससे पूछताछ के बाद जामिया नगर निवासी मो. दानिश(19), नेपाल निवासी विजय राणा(24), मूलरूप से राय बरेली, यूपी निवासी शिव कुमार(30), सोनिया विहार निवासी अनिल कुमार (24) और गांव भैनी, चंद्रपाल जिला रोहतक हरियाणा निवासी संदीप उर्फ फौजी(29) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी वारदात के अगले दिन ज्वेलरी को बेचने के लिए रोहतक चले गए थे। आरोपी शिव कुमार पहले पीड़ित का ड्राइवर था। उसने एक वर्ष पहले नौकरी छोड़ दी थी। अरमान व अनिल कुमार ने लूटपाट की साजिश रची थी। वारदात करने से पहले कई बार रैकी गई थी।