गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सादिक, रिजवान, यासीन, शावाज व 16 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त देवेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि बुधवार रात छेनू गैंग के बदमाश जाफराबाद मेट्रो स्टेशन के पास आने वाले हैं। इसके बाद जाफराबाद थाने की पुलिस ने मेट्रो स्टेशन के पास घेराबंदी कर दी। इसी दौरान गली से पांच युवक निकल रहे थे।
पुलिस टीम को देखते ही सभी भागने लगे। पुलिस ने तुरंत पीछा कर सभी बदमाशों को दबोच लिया। पूछताछ में पता चला कि पांचों बदमाशों ने बताया कि वह गैंगस्टर छेनू के निर्देश पर काम करते हैं। वह इलाके में हथियारों के बल पर दहशत फैलाने आए थे। बदमाशों पर रंगदारी, हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।