मध्य दिल्ली के नबी करीम थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। किशोरी की बिल्डिंग में रहने वाले नाबालिग लड़के ने किशोरी से दोस्ती कर अपने एक रिश्तेदार के साथ वारदात को अंजाम दिया। शिकायत पर आरोपियों को पकड़ लिया गया। शनिवार को लेडी हार्डिंग अस्पताल से किशोरी की मेडिकल रिपोर्ट आई तो सभी के होश उड़ गए। क्योंकि, वह कोरोना पॉजिटिव निकली।
नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया था। बालिग रिश्तेदार को कोर्ट में पेश कर तिहाड़ जेल भेज दिया गया था। ऐसे में दोनों आरोपियों के कोरोना संक्रमित होने की संभावना थी इसको लेकर पुलिस ने तिहाड़ जेल प्रशासन और बाल सुधार गृह को पत्र लिखकर दोनों के संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन रहने के लिए कहा गया है।
मामले का पता चलते ही नबी करीब थाने, जेजे बोर्ड, तिहाड़, तीस हजारी कोर्ट में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन ने दोनों के संपर्क में आए सभी मजिस्ट्रेट, रीडर, पुलिस अधिकारियों व अन्य लोगों को होम क्वारंटीन होने के लिए कहा है। किशोरी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।दोनों आरोपियों के सैंपल भी लेकर उनको टेस्ट करवाने के लिए कहा गया है।
पुलिस के मुताबिक किशोरी नबी करीम इलाके में परिवार के साथ रहती है। वह पास के सरकारी स्कूल में नौंवी कक्षा की छात्रा है। आरोपी किशोर भी किशोरी की बिल्डिंग में रहता है। किशोर ने लड़की से दोस्ती बढ़ाई और वारदात को अंजाम दिया। इस बीच किशोर का रिश्तेदार समीमुल्लाह भी वहां आ गया। उसने भी किशोरी के साथ वारदात को अंजाम दिया।
किशोरी ने अपने साथ हुई वारदात की जानकारी परिवार को दी। जिसके बाद पुलिस को सूचना देकर मामला दर्ज करवाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने नबी करीम थाने के उन सभी पुलिस कर्मियों को क्वारंटीन होने के लिए कहा है जो किशोरी व दोनों आरोपियों के संपर्क में आए थे। वहीं जिस बिल्डिंग में किशोरी और उसका परिवार रहता है, उसको भी सील कर दिया गया है। वहां सभी को होम क्वारंटीन रहने के लिए कहा गया है। इसके अलावा मेडिकल टीम वहां लोगों की जांच कर रही है। जिन लोगों में कोरोना के लक्षण हैं, उनको अस्पताल शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है।
बुधवार को तीनों की रिपोर्ट निगेटिव आ गई है।
सामुहिक दुष्कर्म व पोक्सो एक्ट के मामलेे की शिकायतकर्ता लड़की के कोरोना पॉजिटिव होने के बाद से तिहाड़ जेल प्रशासन के होश उड़े हुए हैं। इस मामले का एक आरोपी तिहाड़ जेल नंबर दो में बंद है। खुलासे के बाद आरोपी व उसके सेल में मौजूद दो अन्य कैदियों का कोविड टेस्ट कराने के बाद उन्हें क्वारंटीन में भेज दिया गया है।
जेल प्रशासन का कहना है कि आरोपी के जेल में आने के बाद उसकी जांच की गई थी। आरोपी में कोरोना के लक्षण नहीं थे। उसे जेल नंबर दो के सेल में दो अन्य कैदियों के साथ सामाजिक दूरी बनाकर रखा गया था। लेकिन शनिवार को शिकायतकर्ता लड़की के कोरोना पॉजिटिव होने के खुलासे के बाद आरोपी और उसके साथ रह रहे दो अन्य कैदियों का रविवार को कोविड टेस्ट करवाया गया और उन्हें क्वारंटीन पर रखा गया है।
जेल प्रवक्ता राजकुमार के मुताबिक मंगलवार को आरोपी एवं दो अन्य कैदियों का टेस्ट रिपोर्ट आना है। अगर वह कोरोना पॉजिटिव पाए जाते हैं तो आरोपी के संपर्क में आने वाले अन्य कैदी और सुरक्षाकर्मियों का कोविड टेस्ट करवाया जाएगा और उन्हें क्वारंटीन पर भेजा जाएगा। जेल नंबर दो में ही डॉन छोटा राजन और शाहबुद्दीन बंद है। लेकिन जेल प्रशासन का कहना है कि दोनों जेल के हाई सिक्योरिटी सेल में बंद हैं और नए कैदियों के रखने के लिए अलग व्यवस्था है।
क्या था मामला
16 वर्षीय किशोरी परिवार के साथ नबी करीम इलाके में रहती है। बुधवार को इसी मकान में रहने वाला एक नाबालिग उसे धोखे से अपने कमरे में बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसका एक रिश्तेदार भी आ गया और उसने भी किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपी को पकड़ लिया।
नाबालिग को बाल सुधार गृह जबकि उसके रिश्तेदार को तिहाड़ जेल भेज दिया गया। शनिवार को किशोरी का कोविड टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद दिल्ली पुलिस के पसीने छुट गए। उसने तुरंत बाल सुधार गृह और तिहाड़ जेल को पत्र लिखकर इस बात की जानकारी दी। इस मामले से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनका कोविड टेस्ट किया जा रहा है।