कृष्णा नगर में मालिक ने दुकान खाली कराने के लिए खुद ही आग लगा दी। आरोपी दुकान के ऊपर रहता था। वारदात के बाद उसने थाने जाकर किराएदार पर ही दुकान में आग लगाकर उसे जिंदा जलाने का आरोप लगाया। सीसीटीवी फुटेज से दुकान मालिक की सारी पोल खुल गई। फुटेज में आरोपी ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाते हुए दिख रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी हुकुम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का कपड़ा जल गया। दुकान खाली कराने का मामला पहले से ही कोर्ट में विचाराधीन है।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित सुभाष चंद जैन (56) परिवार के साथ कृष्णा नगर इलाके में रहते हैं। इनका कपड़ों का कारोबार है। करीब डेढ़ साल पूर्व सुभाष चंद ने गली नंबर-14, शांति मोहल्ला में 40 हजार रुपये प्रति माह के किराये पर हुकुम सिंह की दुकान ली थी। दुकान के ठीक ऊपर खुद हुकुम सिंह पत्नी के साथ रहता है। आरोप है कि हुकुम सिंह ने अनुबंध से पहले ही पीड़ित पर दुकान खाली करने का दबाव बनाया। आरोप है कि शनिवार तड़के हुकुम सिंह ने दुकान की डुप्लीकेट चाबी से शटर खोला और वहां रखे कपड़ों पर ज्वलनशील पदार्थ डाला।
बाद में दुकान को आग के हवाले कर दिया। वारदात के बाद आरोपी दुकान के ऊपर बने घर में पहुंचा और एक राहगीर की मदद से जीने का ताला बाहर से लगवा दिया। आग की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। पड़ोसियों से सुभाष को आग की खबर मिली। इस बीच सुबह दस बजे हुकुम सिंह कृष्णा नगर थाने पहुंचा और सुभाष चंद जैन व उनके परिवार पर जिंदा जलाने का आरोप लगाने लगा। उसका कहना था कि दुकान में आग खुद सुभाष ने लगा दी ताकि आग ऊपर तक पहुंचे और हुकुम और उसका परिवार भी जल जाए। पुलिस ने गली में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की तो हकीकत सामने आ गई।