सुरक्षा एजेंसियों को एक व्हॉट्सऐप मैसेज मिलने के बाद देश की राजधानी दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। कहा जा रहा है कि जैश-ए-मोहम्मद एक व्हॉट्सऐप ग्रुप पर यह संदेश चला रहा है कि वह पिछले महीने जम्मू-कश्मीर में मारे गए अपने कमांडर की मौत का बदला दिल्ली के संवेदनशील इलाकों में हमला करके लेगा।
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी एक खबर के अनुसार खुफिया एजेंसी ने 13 नवंबर की तारीख वाली एक चिट्ठी मंगलवार को जारी की थी जिसमें सुरक्षा एजेंसियों को हाई प्रायोरिटी अलर्ट जारी करने और सभी तरह की सुरक्षा मजबूत रखने के निर्देश दिए थे।
उस चिट्ठी में लिखा है, 'एक पाकिस्तानी नागरिक अमीर हम्जा के द्वारा फैलाए जा रहे व्हाट्सऐप संदेश में जैश-ए-मोहम्मद दिल्ली के कई इलाकों में हमले की योजना बना रहा है। यह संदेश जैश कम्यूनिकेशन सेंटर नाम के ग्रुप से फैलाया जा रहा है। यह हमला जैश के कमांडर उसमान ऊर्फ हुजैफा की त्राल पुलवामा में हुई मौत (30 अक्तूबर को मारा गया था) का बदला लेने के लिए किए जाएंगे।'
इस खत में ये भी लिखा है कि संदेश फैलाने वाला शख्स हम्जा जैश-ए-मोहम्मद के छात्र संघ तलबा अल-मुराबितून का सदस्य है। जैश-ए-मोहम्मद के दो सदस्य 30 अक्तूबर को पुलवामा के त्राल में मारे गए थे। उनमें से एक उस्मान, जैश के चीफ मसूद अजहर का भतीजा बताया जा रहा है। इसी संदेश की वजह से दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा और अन्य राज्यों में भी हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।
अलर्ट जारी होने के बाद सभी तरह के सुरक्षा एजेंसियों को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने और अतिरिक्त सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। इसके बाद राजधानी के सभी संवेदनशील स्थलों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।